महासमुन्द

मनरेगा कार्य में फर्जी तरीके से ऐप में चढ़ रही थी मजदूरों की हाजिरी, शिकायत के बाद जांच शुरू
12-Jun-2024 3:49 PM
मनरेगा कार्य में फर्जी तरीके से ऐप में चढ़ रही थी मजदूरों की हाजिरी, शिकायत के बाद जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 जून।
जिले के बसना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत चिपरीकोना में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत नाला डिसिल्टिंग कार्य में ग्राम पंचायत द्वारा फर्जी मस्टररोल भरने, मनरेगा अधिनियम और शासन द्वारा निर्धारित मापदंड को अनदेखा कर पंच पति द्वारा नरेगा जाबकार्ड में नाम जोडऩे, मांग पत्र में नाम जोडऩे सहित अन्य कामों मजदूरों से रुपए लेने और अन्य समस्याओं की शिकायत पर ‘छत्तीसगढ़’ अखबार में प्रकाशित खबर पर जांच टीम गठित की गई है। खबर प्रकाशन के बाद महासमुंद जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने बसना सीईओ को जांच टीम गठित कर जांच कराने के आदेश दिए हैं।

मालूम हो कि मनरेगा मजदूर गुलाब कर्ष, राहुल, सागरदास, केसरदास, मनीषा कर्ष, ममता मानिकपुरी, सुनीता, हेमकुमारी, उमाबाई सहित दर्जनों श्रमिकों ने बताया था कि रोजगार सहायक की मौत के बाद रोजगार गारंटी का कार्य सरपंच प्रदीप सिंह चंद्रवंशी, सचिव ऊषा पटेल, पंच पति टीकाराम उर्फ  जगदीश कर्ष, गीता सिदार द्वारा मनमाने ढंग से कराया जा रहा है। 33 मजदूरों की जगह अन्य फर्जी 30-45 मजदूरों की हाजिरी चढ़ाई जाती है। जो कार्य करने नहीं आते, उनके नाम पर हाजिरी चढ़ा दी जाती है।

जांच टीम ने जिला प्रशासन के निर्देश पर पंच पति को कार्य देखरेख से अलग कर दिया है। मनरेगा पीओ ने बताया कि सीईओ द्वारा जनपद सीईओ को जांच टीम गठित कर जांच कार्रवाई करते हुए दोषी पाए जाने पर वसूली व अन्य कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
 ग्रामीणों ने टीम को आगे बताया है कि उन्होंने 11 मार्च 2024 की कलेक्टर जन चौपाल में भी आवेदन देकर गुहार लगाई है। जबकि मुख्य निर्वाचन आयुक्त छग नया रायपुर की पत्र में लोक सभा चुनाव 2024 का चुनाव बहिष्कार करने भी आवेदन दिया था। पर अब तक किसी ने उनकी समस्याओं को न तो गंभीरता से लिया, और न ही कोई कार्रवाई की। अंत: ग्रामीण अब आंदोलन करने विवश है।
 


अन्य पोस्ट