महासमुन्द
सिरपुर में दो साल पहले एक होटल में बड़ी मात्रा में मेटानिल रंग हुआ था जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून। जिला मुख्यालय सहित जिले भर की अनेक बड़ी-छोटी मिठाई की दुकानों में जलेबी सहित अन्य मिठाइयों में तेजी से मेटानिल रंग का प्रयोग किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि यह सेहत के लिए बेहद खतरनाक है।
गौरतलब है कि मेटानिल रंग का उपयोग खासतौर पर कपड़ों को रंगने तथा फर्नीचर को रंगने के काम में उपयोग होता है। होटल तथा दुकानों में जलेबी रंग के नाम पर इसका प्रयोग किया जा रहा है। इस ओर खाद्य औषधि प्रशासन विभाग का ध्यान नहीं है। लिहाजा होटल-ढाबों, मिठाई कारखानों में बड़े पैमाने पर इसका उपयोग किया जा रहा है।
डॉक्टरों की मानें तो इन दिनों ज्यादा मात्रा में मिठाईयां बनाने के चक्कर में खाने वाले महंगे रंगों का इस्तेमाल न कर सस्ते केमिकलयुक्त रंगों का इस्तेमाल करते हैं, जो स्वास्थ्य को लेकर घातक हैं। स्कूल खुलने के साथ त्योहारों का भी सीजन शुरू हो जाता है। खपत बढऩे और ज्यादा मुनाफा कमाने के कारण कुछ लोग मिठाई में मिलावटी तत्व भी मिला देते हैं। मिलावटी मिठाई आंतों के लिए खतरनाक होती है और इससे पाचन तंत्र पर सीधा असर पड़ता है। फूड प्वाइजनिंग से किडनी और लीवर खराब हो सकते हैं।
डॉ. देवेंद्र साहू,चिरायु मेडिकल ऑफिसर मेकाहाम, महासमुंद के मुताबिक केमिकल युक्त मिठाइयों को खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है और यह पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकता है। मेटानिल रंग खाने के लिए नहीं बना है। चटख रंग की जलेबियां तथा मिठाइयों में मेटानिल रंग मिले होने की संभावना अधिक है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में सिरपुर सहित अनेक स्थानों पर जलेबी रंग की जगह मेटानिल का प्रयोग कर रहे होटलों में जब्ती की कार्रवाई हुई थी। शहर के अनेक दुकानों में बेची जा रही पैक्ड मिठाइयों में उत्पादक का नाम पता ही नहीं है। महज प्लास्टिक के एक डब्बे में पैक्ड इनमें ब्रांडिंग के नाम पर केवल एक पर्ची है। जिसमें केवल इंडिया लिखा होता है। नाम नहीं छापने की शर्त पर एक हलवाई ने बताया कि बिना सल्फ्यूरिक एसिड का प्रयोग किए मिठाई में चमक आ ही नहीं पाती। ऐसे में दुकानदार जमकर इसका प्रयोग कर रहे हैं। उसने बताया कि दूध भी असली इस्तेमाल नहीं होता, बल्कि ऐसी मिठाइयों को बनाने के लिए पाउडर दूध से जरूरत पूरी की जाती है। इससे छेना, पनीर, मिल्क केक समेत अन्य मिठाई तैयार की जाती है। चांदी बर्क से काजू बर्फी सजाई जाती है। आजकल का एल्युमिनियम युक्त चांदी वर्क सेहत के लिए काफी हानिकारक है।