महासमुन्द

किसान के अनशन पर बैठने के बाद खुली प्रशासन की नींद, दी ऋण पुस्तिका
11-Jun-2024 3:34 PM
किसान के अनशन पर बैठने के बाद खुली प्रशासन की नींद, दी ऋण पुस्तिका

पटवारी पर ऋण पुस्तिका के लिए रुपए मांगने का आरोप, किसान ने की सेवामुक्त करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11जून। महासमुंद जिले में राजस्व विभाग के पटवारियों पर रुपए की मांग का आरोप फिर से लगा है. ताजा मामला महासमुंद तहसील के बिरकोनी हल्का का है, जहां एक किसान ने अपने ऋण पुस्तिका के लिए पांच माह तक प्रतीक्षा की और नहीं मिलने पर उन्हें अपने अधिकार के लिए आमरण अनशन करना पड़ा है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार ने मौके पर पहुंच किसान को समझाने का प्रयास किया और बात नहीं बनने पर किसान को ऋण पुस्तिका देकर उनका आंदोलन समाप्त कराया। जानकारी के अनुसार बिरकोनी निवासी किसान शत्रुघन लाल साहू ने 30 जनवरी 2023 को बिरकोनी में ही 0.43 हेक्टेयर कृषि भूमि अपनी बेटी मीनाक्षी साहू के नाम खरीदी और रजिस्ट्री कराई।  रजिस्ट्री के बाद विभाग के कई चक्कर लगाने के बाद भी उसे ऋण पुस्तिका उपलब्ध नहीं कराया गया, इससे परेशान होकर किसान शत्रुधन ने विगत 5 जून को कलेक्टर सहित अन्य उच्चाधिकारियों को ज्ञापन देकर 9 जून से आमरण अनशन की चेतावनी दी थी। पांच माह तक ऋण पुस्तिका नहीं देने पर पटवारी से जवाब मांगा गया है। किसान ने आरोप लगाया है कि ऋण पुस्तिका देने के बदले पटवारी ने रुपए की मांग की थी। अधिकारियों का कहना है कि आरोप जांच में सही पाये जाने पर पटवारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, किसान की ऋण पुस्तिका की मांग को पूरा कर आमरण अनशन समाप्त करा दिया गया है।

किसान शत्रुघन ने बताया कि कृषि भूमि खरीदने के बाद ऋण पुस्तिका के लिए पटवारी के कई चक्कर लगाए, पहले तो पटवारी आश्वासन देता रहा कि जल्द ही ऋण पुस्तिका दे देगा।

शत्रुघन ने आरोप लगाया कि पटवारी ने ऋण पुस्तिका के बदले उनसे रुपए की मांग की गयी, जिसे उसने देने के लिए मना कर दिया, तभी से लेकर अब तक वह ऋण पुस्तिका के लिए भटक रहा है। किसान ने बताया कि अब खेती का समय नजदीक है ऐसे में बैंक वाले केसीसी देने से मना कर रहे हैं, खाद-बीज नहीं मिल रहा है साथ ही खरीफ फसल धान बेचने के लिए पंजीयन भी नहीं हो पा रहा है।

पांच महीने से ऋण पुस्तिका न मिलने से नाराज किसान ने अपने घर के सामने रविवार सुबह से आमरण अनशन शुरू किया था। जैसे ही यह खबर प्रशासन को मिली, प्रभारी तहसीलदार श्रीधर पंडा, नायब तहसीलदार, आरआई मौके पर पहुंचे और किसान को मनाने की कोशिश की, पर किसान नहीं माने। बाद प्रभारी तहसीलदार ने ऋण पुस्तिका किसान को दी। ऋण पुस्तिका मिलने के बाद किसान ऋण पुस्तिका के बदले रुपए की मांग करने वाले पटवारी को सेवामुक्त करने की मांग पर अड़ गया। जिस पर तहसीलदार ने लिखित आश्वासन देकर जांच के बाद उचित कार्रवाई की बात कही है।

इस मामले में  पटवारी श्री पवार का कहना है कि 30 साल की सर्विस में पहली बार उन पर आरोप लगा है। उन्होंने नौकरी से इस्तीफे के लिए आवेदन दिया है। बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।


अन्य पोस्ट