महासमुन्द

फर्जी मस्टर रोल भरने, मनरेगा अधिनियम को अनदेखा कर काम करवाने की शिकायत
11-Jun-2024 2:45 PM
फर्जी मस्टर रोल भरने, मनरेगा अधिनियम को अनदेखा कर काम करवाने की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11जून। जिले के बसना जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिपरीकोना में चल रहे नाला कार्य में पंचायत द्वारा फर्जी मस्टर रोल भरने, मनरेगा अधिनियम व शासन द्वारा निर्धारित मापदंड को अनदेखा कर कार्य करवाये जाने की शिकायत है। कार्यस्थल में जो कमी पाई गई है, उसमें मुख्य रूप से मजदूरों के लिये शीतल पेयजल का अभाव, मेट का उपलब्ध न रहना, कार्य स्थल पर चोटिल मजदूरों के लिये फस्र्ट एड बॉक्स, दवा का अभाव है।

 यहां मजदूरों की शिकायत है कि  जिम्मेदार व्यक्ति दोनों टाइम केवल एन.एम.एम.एस. एप पर हजारी व फोटो खींचने ही आती है। जब कोई मजूदर कुछ कहता है तो इन जिम्मेदारों द्वारा उस मजदूर का अगले हफ्ते से काम बंद करा दिया जाता है और उनके द्वारा कहा जाता है कि शिकायत यहां नहीं दिल्ली में करना कहा जाता है। जिसके कारण मजदूर शिकायत नहीं करते, बल्कि दहशत में रहते हैं।

उक्त मामले में सचिव उषा पटेल से बात करने पर उन्होंने बताया कि अभी मैं छुट्टी में हूँ। रोजगार गारंटी के कार्यस्थल पर सुबह शाम नहीं जा सकती। मेरे पास और भी बहुत सारे काम हैं।

डिसिल्टिंग कार्य कर रहे मजदूर गुलाब कर्ष, राहुल, सागर दास, केसर दास, मनीषा कर्ष, ममता मानिकपुरी, सुनीता, हेमकुमारी, उमा बाई सहित दर्जनों श्रमिकों ने आरोप लगाते हुये बताया कि रोजगार सहायक की मौत के बाद यहां रोजगार गारंटी का कार्य सरपंच, सचिव, पंच पति, मेट द्वारा मनाने ढंग से कराया जा रहा है। स्थल पर 33 मजदूरों द्वारा कार्य करना बताया है।

इस मामले में तकनीकी सहायक तोमेश ध्रुव से उनका पक्ष लेने पर उन्होंने कहा कि मनरेगा कार्य में यदि ऐसा हो रहा है तो फिर यह गलत है।

मनरेगा कार्य के उक्त मामले को लेकर मनरेगा पीओ प्रेमचंद बंजारे से संपर्क करने पर उन्होंने कहा है कि इस एप पर 81 मजदूरों की हाजरी दर्ज होती है। यहां काम करने वाले मजदूरों की शिकायत है कि कार्य का देख-रेख करने वाले पंच पति अपने परिवार पंच पत्नी, बेटी, बेटा, परिजन के अलाव करीबी लोगों के नाम पर हाजरी चढ़ाकर फर्जीवाड़ा करते हैं है। बताया कि पिछले सप्ताह 27 मई से 2 जून 2024 तक कार्य बंद रहा। जबकि, 20 मजदूरों का नाम बिना कार्य किये फर्जी मस्टररोल तैयार कर भरा गया है। मजदूर यदि  किसी प्रकार की पूछताछ करते हैं तो अगले दिन अनुपस्थिति चढ़ाकर हफ्ते भर के लिये काम बंद करा देते हैं। फिर बड़ी मिन्नतें करने और 500 रुपे. देने के बाद ही नाम जोड़ा जाता है।

 मजदूर राजेश, खीरचरण, केशरदास ने बताया कि काम करने के लिये नाम जुड़ाने एवं सागर दास ने अपना खाता नंबर जोडऩे के लिए पंच पति को 500-500 रुपये दिया है।


अन्य पोस्ट