महासमुन्द
नर्सिंग होम एक्ट के तहत गठित टीम जांच में जुटी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,9 जून। स्वास्थ्य विभाग महासमुंद द्वारा क्षेत्र में कराए गए सर्वे में चौंकाने वाली बात सामने आयी कि 244 निजी प्रेक्टिशनर मैदानी क्षेत्र में चिकित्सा कार्य में लगे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकृत प्रेक्टिशनर की संख्या बमुश्किल आंकड़े का दस प्रतिशत भी नहीं है। जिसके चलते 200 से अधिक झोलाछाप डॉक्टरों का मायाजाल क्षेत्र में व्याप्त माना जा रहा है। जो इस काम में जुटे हैं जिनकी जांच शुरू कर दी गयी है।
इसी कड़ी में बागबाहरा क्षेत्र के तीन स्थानों में अस्पताल, क्लीनिक की शिकायत पर नर्सिंग होम एक्ट की टीम तेंदुकोना के एक अस्पताल एवं एक क्लीनिक में जांच हेतु पहुंची, जहां क्लीनिक बंद मिला। जबकि कान्हा हॉस्पिटल की जांच की गयी। जहां का डॉक्टर एमबीबीए (यूक्रेन) डिग्रीधारक मिला तथा उसके अस्पताल के लायसेंस की ऑनलाइन एप्लीकेशन डाली हुयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएमएचओ के निर्देश पर क्षेत्र में निजी प्रेक्टिशनरों की जांच के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं से उक्त रिपोर्ट मंगाई गयी थी। जिसमें 244 संख्या का होना पाया गया। जिसकी रिपोर्ट जिला कार्यालय में भेजी जा चुकी है। इसमें 15- 20 ही डिग्रीधारक चिकित्सक हैं।
बिना डिग्री वाला होने की शिकायत की जांच करने तेंदूकोना गयी थी। यहां 200 से अधिक की निजी रूप से प्रेक्टिस की संभावना है। इसकी जांच शुरू कर दी गयी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे नामी बेनामी लोगों की जांच के लिए प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में नर्सिंग होम एक्ट की टीम बनायी गयी है। जिसमें सचिव बीएमओ सहित डीएसपी आदि सदस्य होते हैं।
नर्सिंग होम एक्ट के तहत टीम ने शुक्रवार को तहसीलदार एलडी कंवर के नेतृत्व में प्राप्त तीन शिकायतों की जांच शुरू की गयी। इसमें दो शिकायत तेंदुकोना में कान्हा हॉस्पिटल व एक अन्य क्लीनिक में फर्जी डॉक्टर में से एक क्लीनिक बंद मिला।
टीम ने कान्हा हॉस्पिटल की जांच में पाया कि वहां के चिकित्सक की डिग्री वैध है और वहां के डाक्टर ने यूक्रेन से एमबीबीएस किया है। उनके द्वारा हॉस्पिटल के लायसेंस की ऑनलइन एप्लीकेशन डाली हुयी है। टीम को पता चला कि इसके पहले उक्त हॉस्पिटल को जो चलाता था उसके पास डिग्री नहीं थी। इस वजह से उसने अस्पताल बंद कर दिया था, जिसे उसी नाम से वर्तमान डॉक्टर द्वारा चलाया जाना पाया गया।
रोचक बात यह है कि 232 ग्रामों के ब्लॉक में 200 से अधिक झोला छाप डॉक्टरों के सक्रिय होकर लोगों का इलाज करने की खबर सामने आयी है। बताया जाता है कि ऐसे लोग डिग्री धारक चिकित्सक की भांति विभिन्न प्रकार की बीमारियों का इलाज इंजेक्शन से लेकर ड्रिप आदि लगाने से भी गुरेज नहीं करते। ये झोला छाप जरूरी दवाएं, इंजेक्शन लगाकर ग्रामीण बीमारों का इलाज करते हैं।