महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जून। महासमुंद से गुजरने वाली रायपुर-विशाखापटनम रेल मार्ग पर दोहरी रेल लाइन के साथ विद्युत इंजन के माध्यम से माल व यात्री गाडिय़ों का संचालन हो रहा है। इसके बावजूद यात्री ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर नहीं आ रही हैं। इससे यात्रियों में आक्रोश है।
मालूम हो कि ट्रेन नम्बर 18517 कोरबा से चलकर विशाखापटनम जाने वाली लिंक एक्सप्रेस काफी दिनों से विलम्ब से चल रही है। इस ट्रेन के यहां आने का समय - रात 9 बजकर 8 मिनट है। परंतु, यह - प्रतिदिन 40 मिनट से लेकर डेढ़ से दो घंटे देर से चल रही है।
दूसरी ओर पिछले सप्ताह पुरी से अजमेर जाने वाली एक्सप्रेस अपने निर्धारिथ समय पर न पहुंचकर दो घंटे विलम्ब से चली। इसी तरह कल ट्रेन नम्बर 17482 तिरुपति से बिलासपुर जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस शुक्रवार को 3 घंटे 30 मिनट देरी से आयी। इसके यहां आने का सही समय दोपहर एक बजे है। परंतु कल साढ़े 3 घंटे देर से सायं 4 बजे पहुंची।
इसके अलावा सुबह पुरी से दुर्ग जाने वाली इन्टरसिटी एक्सप्रेस में पिछले कुछ दिनों से कभी 40 मिनट, कभी 50 मिनट देर से आ रही है। जबकि कल यह ट्रेन करीब डेढ़ घंटे विलम्ब से महासमुंद स्टेशन पहुंचीं।
सप्ताह भर से पहले ट्रेन नंबर 12807 विशाखापटनमन से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली समता सुपर फास्ट कभी एक घंटे तो कभी पौने दो घंटे देरी से आने का सिलसिला जारी है। इसके अलावा सायं रायपुर जाने वाली पैसेंजर वर्ष भर बीत रहा है, लेट लतीफी इसकी नियति बन गई है। इस ट्रेन का कई बार 4 से 5 घंटे देर से ही आना हो रहा है। यात्री दो घंटे के सफर के लये 6-7 घंटे ट्रेन में गुजर रहे है। जो वास्तव में यात्रियों के लिए त्रासदी भरा है। सर्वाधिक परेशानी परिवार समेत आने-जाने वालों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
इन सबसे ज्यादा तकलीफ रेलवे स्टेशनों में शीतल जल के लिए है, यहां के दोनों प्लेटफार्मों में नल होने के बावजूद उन्हें पानी नसीब नहीं हो रहा है। यात्री प्रत्येक स्टेशन में बोतल लेकर नलों तक दौड़ते है। पानी नहीं आने के कारण मुंह बिगाड़ कर सीट पर बैठने विवश है।