महासमुन्द

बगैर डिग्री योग्यता मरीजों का उपचार करने वाले अब स्वास्थ्य विभाग के निशाने पर
08-Jun-2024 2:38 PM
बगैर डिग्री योग्यता मरीजों का उपचार करने वाले अब स्वास्थ्य विभाग के निशाने पर

तैयार की गई सूची, होगी कानूनी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 जून। बगैर डिग्री व योग्यता के मरीजों का उपचार कर उनके जीवन से खिलवाड़ करने वाले अब स्वास्थ्य विभाग के निशाने पर आ गए हैं। शुरुआती दौर में बागबाहरा ब्लॉक में निजी प्रैक्टिस कर रहे 150 झोलाछाप डॉक्टरों को स्वास्थ्य विभाग ने चिह्नांकित किया है। अब विभाग इन्हें नोटिस जारी कर पूछेगा कि ये किन डिग्री व योग्यता के आधार पर लोगों का उपचार कर रहे हैं।

विभागीय जानकारी अनुसार ब्लॉक चिकित्सा ऑफिस में इनकी सूची तैयार हो गई है। सभी पीएचसी प्रभारियों के जरिए उनके नामों की सूची भेजी जा चुकी है। इन डॉक्टरों पर अब विभाग कार्रवाई की तैयारी में हैं। सभी झोलाछाप डॉक्टरों से उनकी डिग्रियां मांगी गई है। जो बिना डिग्री वाले मिलेंगे या दूसरी विधा में इलाज करते मिलें तो उन पर रोक लगाने के साथ नर्सिंग होम एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

विभाग के संज्ञान में आया है कि बागबाहरा के ग्रामीण इलाकों में अवैध पैथोलॉजी, क्लीनिक, संचालित कर मरीजों को भर्ती करने संग उनकी माइनर सर्जरी तक कर रहे हैं। यह भी जानकारी विभाग को मिली है कि उनकी लापरवाही से बीते वर्ष में लगभग आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई है।

अब यह भी पता चला है कि बागबाहरा ब्लॉक के 150 से अधिक झोलाछाप डॉक्टर ग्रामीण और बागबाहरा नगर में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर यहे हैं। ये झोलाछाप डॉक्टर अपने क्लीनिक में मेडिकल स्टोर की तरह दवाइयां भी रखते हैं।

कहा जा रहा है कि  स्वास्थ्य विभाग इन झोलाछाप डाक्टरों की जांच कराने संग उनकी डिग्री की भी जांच करेंगे। बीएमओ बीएस बढ़ाई ने बताया कि झोलाछाप डॉक्टरों की सूची तैयार की गई है। ब्लॉक में 5 साल पहले झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई की गई थी जिसने बागबाहरा के 6 क्लीनिक और अस्पतालों पर सील लगाया गया था।

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर बीएस बढ़ाई ने बताया कि आचार संहिता में व्यस्तता के कारण कार्रवाई रोकी गई थी। अब जल्द ही सभी झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एसडीएम सृष्टि चंद्राकर ने कहा कि नर्सिंग होम एक्ट के तहत निजी प्रैक्टिशनर व झोलाछाप डॉक्टर पर कार्रवाई करने विभाग की एक टीम गठित की गई है। बीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट