महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून। शहर के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का जीर्णोद्धार साल भर बाद भी पूरा नहीं हो सका है। फलस्वरूप कहा जा रहा है कि अब चालू शिक्षा सत्र में भी विभागीय कर्मचारियों को अव्यवस्थाओं के बीच काम करना होगा।
विभागीय जानकारी अनुसार पिछले साल 2023 में डीईओ कार्यालय के जीर्णोद्धार के लिये 17 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृत की गई थी। आज की स्थिति में 17 लाख रुपये समाप्त हो गये हैं। फलस्वरूप अब काम अटक गया है। यानी अब इस काम को पूर्ण करने के लिये अतिरिक्त प्रशासकीय की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार अंग्रेजी शासन काल में बने इस कार्यालय में शिक्षा विभाग के ही अनेक शाखाओं का संचालन हो रहा है। खपरैल, कांड़, म्यार वाले दफ्तर में बारिश के दौरान सीपेज आम बात हो गई थी। वर्षों बाद इस कार्यालय के भाग जागे और 17 लाख रुपये मंजूर हुए तो वर्ष 2023 में काम शुरू हुआ। लेकिन साल भर बाद भी कार्यालय का काम अपूर्ण है।
फलस्वरूप ऑफिस के जरूरी कागजात तथा रिकॉर्ड, धूल धूसरित जगह पर पड़े हुए हैं। इस दफ्तर के भीतर कहीं पुराने भवन के मलबे डंप हैं तो कहीं खपरैल व काड, म्यार। ऐसी स्थिति में परीक्षा रूम, माध्यमिक शिक्षा मंडल के दफ्तर को छोड़ शेष सभी दफ्तर एक ही हाल में संचालित हो रहे हैं। खासतौर पर बाहर से आने वाले छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को संबंधित अधिकारियों को ढूंढने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।