महासमुन्द

परिवार सोता रहा, घर से लाखों की चोरी
03-Jun-2024 5:40 PM
परिवार सोता रहा, घर से लाखों की चोरी

  स्प्रे कर बेहोश करने की आशंका  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

महासमुंद, 3 जून। कोमाखान में एक बार फिर चोरों ने लाखों रुपए की चोरी को अंजाम दिया है। यहां शातिर चोरों ने घर के कमरे में सो रहे दंपत्ति के आलमारी से करीब 11 लाख रुपए नगदी समेत सोने-चांदी को पार किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस डाग स्कॉयड की मदद से जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार सीताराम देवागंन के पुत्र रोहित और उनकी पत्नी एक 2 वर्षीय पुत्र कमरे में सो रहे थे। नींद खुली तो देखा कि अलमारी खुली थी, चोरों ने गहने समेत नगदी को पार कर दिया था। इसके अलावा बड़ा भाई भी बाजू वाले कमरे में सो रहा था, लेकिन किसी को किसी तरह की भनक नहीं लगी। संभावना जताई जा रही है कि चोरों ने किसी नशे स्प्रे का उपयोग कर दंपत्ति पर डाल दिया होगा।

बताया जा रहा है कि बच्चा जब सुबह उठा तो उल्टी के साथ तेज बुखार लग गया था। डॉक्टर के पास बच्चे को ले जाना पड़ा। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि नशे का स्प्रे छिडक़ाव की गई होगी। हालांकि अभी तक इस संबंध में पुलिस की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।

घटना स्थल पर पुलिस के आला अधिकारी के पहुंचने की भी खबर है। रोहित देवांगन ने बताया कि दुकान बनाने के लिए करीब 8 लाख रुपए नगदी तथा 3 लाख रुपए जेवर अलमारी में रखे थे। घटना स्थल पर पेचकस के अलावा खाली पानी बॉटल मौजूद था, अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों ने फ्रीज से पानी निकालकर पिया होगा। 

गौरतलब है कि इसके पहले भी संदीप सोनी, गुप्ता ढाबा, उमा सोनी के यहां बड़ी चोरी की घटना हुई थी। हालांकि अभी तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है।


अन्य पोस्ट