महासमुन्द

पीएम आवास पूरा होने के इंतजार में निर्माणाधीन मकान के सामने तिरपाल की झोपड़ी बनाकर रह रहे थे
03-Jun-2024 3:23 PM
पीएम आवास पूरा होने के इंतजार में निर्माणाधीन मकान के सामने तिरपाल की झोपड़ी बनाकर रह रहे थे

भीषण गर्मी सहन नहीं कर पाई ईश्वर की बेटी, मौत,  सवा साल के अंदर परिवार के दो सदस्यों को खो दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 जून। जिले के बागबाहरा स्थित डबरापारा के पास ठेला चालक ईश्वर महानंद ने एक-सवा साल के अंदर अपने परिवार के दो सदस्यों को खो दिया है। लगभग सवा साल पहले उसकी पत्नी गंभीर बीमारी का शिकार होकर मौत हो गई और अभी तीन दिन पूर्व उसकी 23 वर्षीय बेटी जमुना महानंद की तेज बुखार में मौत हो गई।

परिजन एवं पड़ोस के लोग इसे लू से मौत होना मान रहे हैं। पता चला है कि एक साल से ईश्वर एवं उसकी पुत्री अपने प्रधानमंत्री आवास के पूर्ण होने के इंतजार में निर्माणाधीन मकान के सामने तिरपाल की झोपड़ी बनाकर इस भीषण गर्मी में रह रहे थे।

मृतका के पिता ने कहा कि ठेकेदार समय पर मकान देता तो शायद हम अपने घर में रहते और बेटी को लू नहीं लगता। उसका कहना है कि पुत्री जमुना बाई (23 वर्ष)को अचानक तेज बुखार हुआ, उल्टी हुई और मौत हो गई। उसने बताया कि इसके पहले तबीयत खराब होने पर निजी चिकित्सक से उसका उपचार कराया था, फिर वह ठीक थी। अचानक तेज बुखार हो गया था। कल परंपरा के अनुसार उसकी खात खऊनी का कार्यक्रम किया गया।

गौरतलब है कि बेहद गरीब परिवार का ईश्वर खुद शारीरिक रूप से लकवा पीडि़त है। फिर भी आजीविका निर्वहन के लिये वह हाथ ठेला चलाता है। उसने बताया कि उसकी पत्नी सतवन्तिन को कैंसर हो गया था। गत वर्ष उसकी मौत ने उसे तोड़ के दिया था।

उसने बताया कि उसका एक पीएम आवास स्वीकृत हुआ था। औरों की तरह उसने भी मकान बनाने का काम एक स्थानीय ठेकेदार को सौंप दिया था और खुद अपनी बेटी के साथ घर के सामने झुरमुट में तिरपाल की झोपड़ीनुमा आशियाना बनाकर रहने लगा था। बेटी उसी तिरपाल की झोपड़ी में खाना बनाती और रात को सो जाती। जबकि ईश्वर झोपड़ी के सामने ठेला खड़ा कर सोता था। पूरे साल भर आवास बनाने का काम चलता रहा। अभी भीषण गर्मी में भी वह इसी हालत में है।

उसने बताया-ठेकेदार को मैंने दो किश्तें जो शासन से मिली, उसे दे दिया था। ठेकेदार ने अभी सिर्फ चौखट लेवल तक ही काम किया है। पिछली किश्त मैंने कुछ दिन पहले ही दी थी। मैं बार-बार काम को जल्दी आगे बढ़ाने निवेदन करता रहा। यदि काम तेज गति चलता तो अभी तक लेंटर लेबल का हो जाता। यदि ठेकेदार चाहता तो लेंटर भी ढल जाता और सिर छुपाने लायक काम होता जाता। इस बार की बारिश भी मुझे इस तिरपाल में ही गुजारना पड़ेगा, लगता है।

ईश्वर ने शासन से मांग की है कि मेरा मकान शीघ्र बनाने में मदद करें। इस मामले में पार्षद खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल ने जमुना बाई के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतका के परिजन को शासन से आर्थिक मदद की मांग की जाएगी।

आवास प्रेरक सुरेन्द्र नायक ने बताया कि ईश्वर महानंद को दो किश्तों का भुगतान हो चुका है। जिस भी माध्यम से वे निर्माण कार्य करा रहे हैं, मेरी कोशिश रहेगी कि वह मकान का काम प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करें।


अन्य पोस्ट