महासमुन्द

लंबे इंतजार के बाद भंवरपुर-बड़े साजापाली सडक़ निर्माण शुरू
03-Jun-2024 1:58 PM
लंबे इंतजार के बाद भंवरपुर-बड़े साजापाली सडक़ निर्माण शुरू

34 करोड़ की लागत से बनेगी 17 किमी लंबी सडक़, क्षेत्रवासियों में हर्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 जून। जिले के बसना इलाका स्थित भंवरपुर-बड़े साजापाली सडक़ का निर्माण लंबे इंतजार के बाद तेजी से जारी है। इससे क्षेत्र वासियों में हर्ष व्याप्त है। बहरहाल उक्त मार्ग पर सडक़ निर्माण हो जाने से क्षेत्र के लगभग 50 से अधिक ग्रामों के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

मिली जानकारी के अनुसार भंवरपुर से बड़े साजापाली लगभग 34 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सडक़ को सत्र 2021-22 में स्वीकृति मिली थी। जिसे मार्च 2024 में पूर्ण किया जाना था। लेकिन इस सडक़ निर्माण में संबंधित ठेकेदार को समय पर भुगतान नहीं होने के कारण सडक़ निर्माण की गति में ब्रेक लग गया था।

भंवरपुर-बड़े साजापाली मार्ग की कुल लंबाई 17.400 किमी है। सडक़ निर्माण तय समयावधि में पूर्ण तो नहीं किया जा सका। लेकिन अभी कार्य काफी तेजी से चल रहा है। मानसून आने के पूर्व 15 जून तक इस सडक़ के पूरी तरह बन जाने की संभावना है। ग्राम उड़ेला, सनबहली, जमनीडीह, बनडबरी, बड़े साजापाली सहित दर्जनों गांव के ग्रामीणों ने बताया कि 2021 में भंवरपुर बड़े साजापाली सडक़ लंबे अरसे बाद सीजी आरडीसी योजना अंतर्गत उन्नयन किये जाने के बाद लोगों में खुशी का माहौल था। लेकिन निर्माण लेट लतीफी के कारण आधे अधूरे सडक़ पर 2-3 वर्षों में बरसात के समय गड्ढों और फिसलन, गर्मी के दिनों में उड़ती धूल को क्षेत्रवासियों ने सहा है। क्षेत्र के लोगों ने तो सडक़ बनने की उम्मीद ही छोड़ दी थी।  लेकिन फिलहाल इस बार सडक़ निर्माण तेजी पर है। लगभग 60-70 प्रतिशत सडक़ निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है। लोगों को उम्मीद है कि बरसात के पूर्व सडक़ बनकर तैयार हो जाएगा। जिससे ब्लॉक मुख्यालय बसना, उप तहसील मुख्यालय जाने में लोगों को सुविधा होगी।

इस संबंध में संबंधित ठेकेदार प्रतिनिधि ने कहा है कि  सडक़ में डब्ल्यूएमएम प्रथम लेयर एवं दूसरा लेयर कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। अब इस सडक़ में डामर का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो बरसात के पूर्व पूरा कर लिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अरविंद देवांगन ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सडक़ निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।

बरसात के पूर्व सडक़ निर्माण का कार्य पूरा करने ठेकेदार को निर्देशित किया गया है।


अन्य पोस्ट