महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जून। अग्रसेन भवन के पास बसना में मीना बाजार बंद करने की मांग एसडीएम से की गई है।
आवेदक सुनील चन्द्रवंशी ने अपने आवेदन में लिखा है कि मीना बाजार कर्मचारियों का बीमा किया जाना आवश्यक है। मीना बाजार स्थल पर वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था हो ताकि यातायात बाधित न हो। विद्युत व्यवस्था, प्रदर्शन स्थल पर पेयजल, प्रकाश की व्यवस्था, सफाई व्यवस्था सहित उपकरण, मशीन का फिटनेस चेक निरंतर कराना होगा।
मीना बाजार में किसी भी प्रकार से अप्रिय घटना होती है तो उसका जिम्मेदार मीना बाजार प्रबंधक की होगी एवं क्षति पूर्ति राशि देनी होगी। स्थल पर आपातकालीन द्वार की व्यवस्था आवश्यक है। इन सभी नियमों का पालन नहीं करने की स्थिति में एस डी एम द्वारा दी गई अनुमति स्वत: निरस्त मानी जाएगी।
गौरतलब है कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना के द्वारा दिनांक 05 मई 2024 से 25 मई 2024 तक झूला, मारूति सर्कस, मीना बाजार लगाये जाने की अनुमति प्रदान की गई थी। आवेदक के निवेदन पर गर्मियों की छुट्टी, लोगों की रुचि व अत्यधिक भीड़ को देखते हुए आगामी 20 जून 2024 तक एस डी एम के द्वारा अनुमति प्रदान किया गया है। जबकि 28 मई को 2024 को भी नगर पंचायत बसना के प्रथम नागरिक गजेन्द्र साहू आम जनता की सुरक्षा व हित को ध्यान में रखते हुए मीना बाजार संचालन बंद किये जाने एस डी एम को पत्र लिखकर निवेदन किया गया था। आवेदक का आरोप है कि एसडीएम ने नगर पंचायत अध्यक्ष के जनहितकारी मांगों की अवहेलना करते हुए मीना बाजार संचालन करने की अनुमति प्रदान किया है जो संदेह के दायरे में आता है।
यह भी आरोप है कि सारे नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए वहां मीना बाजार संचालित किया जा रहा है। बाजार स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग तथा सहायता केन्द्र जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। सुरक्षा एवं अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था कहीं नजर नहीं आती। बाजार के चारों तरफ गंदगी पसरा हुआ है।
चाकूबाजी-जानलेवा हमला भी
कुछ दिनों पूर्व मीना बाजार स्थल पर चाकूबाजी की घटना हुई थी और एक युवक पर सर्जिकल ब्लेड से जानलेवा हमला किया गया था। बसना पुलिस के द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक की धारा 294, 307, 323, 34 के तहत् मामला पंजीबद्ध तो किया गया परंतु मीना बाजार प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई। पिछले साल भी इसी मीना बाजार संचालन के समय सिलेंडर फटने की घटना हुई थी। जिसकी जांच एवं कार्रवाई अभी तक नहीं हुई हैं।