महासमुन्द

जिस चेन माउंटेन को विभाग ने सील किया था, उसकी सील तोड़ दूसरे ही दिन फिर से अवैध रेत उत्खनन, 9 के खिलाफ मामला दर्ज
01-Jun-2024 2:31 PM
जिस चेन माउंटेन को विभाग ने सील किया था, उसकी सील तोड़ दूसरे ही दिन फिर से अवैध रेत उत्खनन, 9 के खिलाफ मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1 जून। अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर 20 मई को खनिज विभाग ने जिस चेन माउंटेन को सील किया था, उसी चेन माउंटेन की सील तोडक़र दूसरे ही दिन फिर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था। अब इस मामले में खनिज विभाग की शिकायत पर तुमगांव पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ धारा 379, 34 भादवि, 21 खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मालूम हो कि बारिश शुरू होने वाली है जिसके चलते रेत की मांग जिले सहित अन्य आसपास के जिलों में अधिक है। साथ ही रेत का भंडारण कर बारिश के दिनों में उसे ऊंचे दाम में बेचने की फिराक में रेत माफिया लगातार नदी, नालों का अवैध तरीके से दोहन कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार खनिज विभाग ने 20 मई को औचक निरीक्षण के दौरान खमतराई खदान चेन माउंटेन नदी में रैंप निर्माण व अवैध खनन करते पाए जाने पर चेन माउंटेन मशीन को जब्त करते हुए नदी क्षेत्र से बाहर लाकर सीलबंद किया था।

विभाग ने फिर उसी रात दोबारा खदान में दबिश दी तो देखा कि जिस मशीन को उन्होंने सील किया था, उसी से मध्य रात्रि हाईवा वाहन क्रमांक सीजी 06 एचए 6252 एवं सीजी 06 जीडब्लू 9367 में रेत लोड किया जा रहा था। इस मामले में 9 दिन बाद खनिज विभाग की रिपोर्ट पर तुमगांव पुलिस ने बरबसपुर निवासी महेन्द्र प्रताप सोनवानी, सिरपुर निवासी सुरेश मिरी, रायखेड़ा खरोरा रायपुर निवासी लखेश्वर वर्मा उर्फ लक्की वर्मा, खमतराई निवासी सहदीप साहू, बिरकोनी निवासी डीजे मांउले, बरबसपुर निवासी भूपेंद्र सोनवानी, ग्राम बरेकेल निवासी प्रवीण कुमार टंडन, पिथौरा निवासी रोहित कुमार यादव व बिरकोनी निवासी ईश्वर चेलक पर मामला दर्ज किया गया है।

तुमगांव थाना प्रभारी ने बताया कि खनिज विभाग की शिकायत पर 9 लोगों के खिलाफ  मामला दर्ज हुआ है जिनकी तलाश की जा रही है। जिले में रेत घाटों से बिना किसी अनुमति के रेत का उत्खनन और उसका परिवहन लगातार हो रहा है जिससे शासन को हर माह लाखों का नुकसान हो रहा है। बताया जाता है कि जिले में केवल एक बरबसपुर में ही रेत घात की स्वीकृति है, शेष अवैध है। 


अन्य पोस्ट