महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1जून। ग्राम अरेकेल में गाड़ी का कांच टूटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद, मारपीट हो गई। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पहले गुंजा चौहान ने बताया कि 30 मई की शाम आरोपी हेमंत ताण्डी और कौशल ताण्डी के बच्चों ने खेलते-खेलते पत्थर फेंक दिया तो कैलाश की वेन का कांच टूट गया। जिसके चलते प्रार्थी की मां बच्चों को पत्थर फेंकने से मना कर समझा रही थी। उसी समय हेमन्त ताण्डी, कौशल ताण्डी ने बच्चों को क्यों डांट रहे हो कहकर विवाद करते हुए गाली-गलौच करने लगे। जब कमला बाई चौहान ने गाली गलौच करने से मना किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुये हाथ मुक्का से मारपीट करने लगे। इस मारपीट को देख बीच बचाव करने आई तो प्रार्थी के साथ भी गाली गलौच कर मारपीट की। जिससे हाथ,गला में तथा मां कमला बाई चौहान के पीठ, कान के पास चोटें आई हैं। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध दर्ज किया है। जबकि दूसरे पक्ष की ज्योति नंद पति अमर सिंह नंद ने पुलिस को बताया कि कमला बाई चौहान और गुंजा ने भी उन सभी के साथ मारपीट की है। पुलिस ने इस मामले में कमला बाई और गुंजाके खिलाफ भी गाली गलौच, मारपीट का मामला दर्ज किया है।