महासमुन्द
दिन में लोग झुलस रहे, रात में भी गर्म हवा ने लोग बेचैन
अकेले मेडिकल कॉलेज में रोजाना 18 से 20 मरीज लू के पहुंच रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,31 मई। नवतपा ने इस बार महासमुंद जिले में पिछले 22 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिन में सूर्य की प्रचंड रौशनी से लोग झुलस रहे हैं और रात में भी गर्म हवा ने लोगों को बेचैन कर रखा है। कूलर तथा पंखे तो पूर्व में ही जवाब दे चुके हैं। लोग गर्म हवा से बचने तरह-तरह के इंतजाम कर रहे हैं। हिट वेव को लेकर मेडिकल कॉलेज में 7 बेड का स्पेशल वार्ड बनाया गया है। जहां कमरे के तापमान को कम करने अनेक कूलर लगाए गए हैं। पृथक से चिकित्सकों व नर्सेस की ड्यूटी लगाई गई है। जिले के शासकीय अस्पतालों में रोजाना लू के मरीज पहुंच रहे हैं। अकेले मेडिकल कॉलेज में रोजाना 18 से 20 मरीज लू के पहुंच रहे।
तापमान में उतार-चढ़ाव तथा दिन में तेज धूप की वजह से अस्पतालों में मौसमी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। इन दिनों अस्पतालों में सिर दर्द, उल्टी, चक्कर, सर्दी, खासी तथा फीवर के मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं। जिनमें से बच्चों व सीनियर सिटीजन की संख्या अधिक है। स्थिति यह है कि रोजाना अस्पताल में कतार लग रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के निजी व सरकारी सभी अस्पताल मरीज बढ़ गए हैं। मरीजों की संख्या रोज बढ़ रही है। जिला अस्पताल में भी सुबह से दोपहर बाद तक मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या पर्याप्त है। इसलिए मरीजों को परेशानी नहीं उठानी पड़ रही है।
कहा जा रहा है कि इस बार नवतपा ने पिछले 22 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। यह अप्रैल में मापे गए तापमान से भी 2 डिग्री अधिक बताया जा रहा है। इससे पहले 1980 में जांजगीर.चांपा में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। राजनांदगांव में भी अब का सबसे अधिक तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तर से गर्म और शुष्क हवा का आगमन लगातार जारी है। जिसकी वजह से आगामी सप्ताह भर तापमान का मीटर यथावत रहने की संभावना है। वहीं जून माह के प्रारंभ में 6 दिन और लू के हालात निर्मित होने की संभावना मौसम वैज्ञानिकों ने जताई है।
बसंत माहेश्वरी,मेडिकल सुप्रीटेंडेंट,मेडिकल कॉलेज महासमुंद का कहना है कि एक स्वस्थ व्यक्ति का सामान्य तापमान 98.4 फारेनहाइट होता है। बाहर के 45 डिग्री तापमान में शरीर हिट हो जाता है। यदि खाली पेट हो तो निर्जलीकरण की स्थिति हो जाती है और शरीर का कूलिंग सिस्टम काम करना बंद कर देता है। जिससे चक्कर, उल्टी, मतली और बेहोशी आने लगती है। जो जानलेवा भी साबित हो सकती है। इसके लिए किसी भी तरह की स्थिति पर चिकित्सकों की सलाह लें तथा जारी गाइड लाइन का पालन करें।