महासमुन्द

मशीन की चपेट में नपा स्वच्छता मित्र की मौत
30-May-2024 4:32 PM
मशीन की चपेट में नपा स्वच्छता मित्र की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 मई। नगर पालिका सरायपाली क्षेत्र में स्वच्छता मित्र के रूप में काम कर रही नीरा बाई पांडे शहर के वार्ड क्रमांक 7 में स्थित आरएसएलएम सेंटर में काम करने के दौरान मशीन की चपेट में आकर घायल हो गई थी। उसका इलाज के दौरान रात्रि में निधन हो गया।

मिली जानकारी अनुसार 28 मई को सुबह 8 बजे वह आरएसएलएम सेंटर में काम कर रही थी। तभी उसकी साड़ी का पल्लू मशीन में फंस गया। जिससे उसके गले में चोटें आईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

शहर के निजी अस्पताल में उसकी प्रारंभिक चिकित्सा के बाद उसे स्थानीय मोहन लाल चौधरी शासकीय अस्पताल इलाज के लिए लाया गया, जहां से स्थिति खराब होने के कारण उसे रायपुर भेज दिया गया था। रात लगभग 11 बजे रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान नीरा बाई की मृत्यु हो गई।

इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रकुमार पटेल ने बताया कि घटना के समय वहां उपस्थित अन्य कर्मचारियों ने तत्काल नीराबाई को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां ऑक्सीजन की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें शासकीय अस्पताल भेजा गया। शासकीय अस्पताल में मैं स्वयं भी उपस्थित था। जहां से उन्हें ऑक्सीजन लगाकर रायपुर मेकाहारा ठभेजा गया। इस दौरान नपा सरायपाली सहित नगर निगम रायपुर की टीम भी वहां उपस्थित थी। अंतत: रात्रि 11 बजे उसने अस्पताल में अंतिम सांसें ली। नगर निगम की टीम द्वारा रायपुर में उनका पीएम करवाकर शव को सरायपाली पहुंचाया गया। जहां अंतिम संस्कार के दौरान नपा अध्यक्ष, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नपा के इंजीनियर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

 श्री पटेल ने कहा कि नीराबाई के परिजनों को नपा द्वारा क्रिया कर्म सहित दशकर्म आदि सभी के लिए राशि उपलब्ध करवाई गई है एवं शासन के नियमानुसार जो भी उन्हें दिया जा सकता है, वह सब भी उनके परिजनों को उपलब्ध कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट