महासमुन्द

बेदखली का नोटिस, सडक़ किनारे सरकारी राशि से बनी काम्प्लेक्स में कारोबार करने वालों को भी रोजगार छिन जाने का भय
30-May-2024 3:55 PM
बेदखली का नोटिस, सडक़ किनारे सरकारी राशि से बनी काम्प्लेक्स में कारोबार करने वालों को भी रोजगार छिन जाने का भय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 मई। भंवरपुर के गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए सरकार की योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत द्वारा काम्प्लेक्स बनाकर दुकानें आबंटित की गई। अब उन दुकानदारों को बेदखली का नोटिस मिलने से रोजगार छिन जाने का डर सताने लगा है।

प्राप्त जानकारी अनुसार भंवरपुर,सागरपाली सडक़ किनारे शासकीय राशि से तैयार किया गया व्यवसायिक परिसर को प्रशासन द्वारा यदि तोड़ा जाता है तो इससे कई लोगों की रोजी-रोटी छिन जाएगी और कई परिवार सडक़ पर आ जाएंगे। क्योंकि यही एक काम्प्लेक्स कई परिवारों का भरण-पोषण का एकमात्र जरिया है। मालूम हो कि अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार प्रशासनिक कार्रवाई से इन दिनों भंवरपुरवासियों को बुलडोजर का खौफ  सता रहा है। पिछले दिनों ही रानी तालाब किनारे सब्जी ठेला एवं अटल चौक के आसपास अतिक्रमण के नाम पर पान ठेलों, होटलों को बुलडोजर से तोड़ते देख चुके हैं। जिसके बाद सागरपाली सडक़ किनारे के बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई हुई है। पहले इसी सडक़ किनारे लोग बेतरतीब ठेला, खोमचा लगाकर अपनी रोजी-रोटी की व्यवस्था करते थे।

ज्ञात हो कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के समय अटल व्यावसायिक परिसर के नाम पर यह व्यवसायिक परिसर बनाई गई थी। जिसमें 14 दुकानें हैं एवं पंचायत की ओर से एक काम्प्लेक्स तैयार किया गया। जिसमें 40-45 दुकानें है। सडक़ किनारे इतनी जगह नहीं कि उस पर काम्पलेक्स तैयार किया जा सके। पंचायत ने तालाब को बिना पाटे उसके ऊपर कालम खड़ा कर व्यावसायिक परिसर बनाने की योजना बनाई। इस निर्माण से तालाब भी बचा रहा और दुकानें भी निर्मित हो गई। नवनिर्मित दुकानों को आवंटित कर दुकान संचालित होने लगी।  अब 10-12 साल बाद अचानक प्रशासन द्वारा भंवरपुर, बसना सहित अनेक स्थानों में शासकीय भूमि को जिस तरह से अतिक्रमण मुक्त करने बुलडोजर चल रहे हैं। इससे इस काम्प्लेक्स को तोडऩे कार्रवाई की चर्चा का बाजार भी गर्म है। जो छोटे-बड़े दुकानों का संचालन कर जीवन यापन करने वाले व्यवसायियों के लिये चिंता का सबब बना हुआ है। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश पनपने लगा है।


अन्य पोस्ट