महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई। बसना क्षेत्र के उप तहसील मुख्यालय भंवरपुर स्थित अटल चौक से सागरपाली सडक़ किनारे के दोनों ओर सडक़ भूमि पर दुकान और मकान बनाकर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ फिर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने बुलडोजर कार्रवाई की गई।
अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जिसके चलते राजस्व विभाग, पंचायत विभाग और पुलिस विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने नहुंची। इस बार किसी भी अतिक्रमणकर्ता ने कार्रवाई का विरोध नहीं किया।
न्यायालय नायब तहसीलदार अर्पण कुर्रे ने हल्का पटवारी हल्का नं.20 रानिम भंवरपुर द्वारा प्रस्तुत अतिक्रमण प्रतिवेदन के अनुसार ग्राम भंवरपुर में स्थित सडक़ भूमि से 47 लोगों को मकान एवं दुकान बनाकर व्यवसाय कर रहे लोगों के न्यायालय नायब तहसील कार्यालय द्वारा 24 मई को नोटिस जारी कर 28 मई के पूर्व किए गए कब्जे हटाने का आदेश जान किया था। जिसके बाद से 27 मई को सडक़ किनारे दोनों अतिक्रमणकारियों ने घर और दुकानों का छज्जा हटाने का काम कर दिया था। जबकि 28 मई सुबह व्यापारियों एवं वहां के लोगों से चर्चा कर दोपहर 12 बजे बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, जो अपरान्ह 3.30 बजे तक चली।