महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का 400 पार का नारा 4 जून को जुमला साबित होने वाला है। भाजपा 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। इस बार बीजेपी के नारे को जुमला साबित करने की बारी जनता की है और जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। चुनाव घोषित होने से पहले ओवर कॉन्फिडेंस में भाजपा ने 400 पार का नारा दिया था लेकिन चुनाव में जनता का रुख देखकर भाजपा नेताओं का आत्मविश्वास भी डोलने लगा और वे भी इस नारे को बोलना छोड़ गए।
श्री चंद्राकर ने जारी बयान में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के तमाम बड़े नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के धुआंधार प्रचार से परेशान हो गए हंै। कांग्रेस के मेनिफेस्टो (घोषणा पत्र)के सामने भाजपा के दावे फीके पडऩे लगे हैं। राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4 हजार किमी पैदल यात्रा कर जनता के सुझावों को ध्यान में रखकर घोषणा पत्र तैयार किया। श्री चंद्राकर ने कहा कि 100 दिन में काला धन लाकर सबको 15-15 लाख बांटने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल के कार्यकाल में 15 रुपए तक जनता के खाते में नहीं डाले। हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा था, जो केवल जुमला साबित हुआ। विनोद चंद्राकर ने कहा है कि पिछले 4 सालों से पेट्रोल 100 पार है। डीजल 80 रुपए से अधिक है। रसोई गैस के दाम 2014 से पहले 400 के आसपास था जो आज 1100 रुपए है। इन सवालों पर मोदी व भाजपा के नेता भागते हैं। श्री चंद्राकर ने कहा कि महिला सुरक्षा के नाम पर ढोंग रचने वाले जुमलेबाजों ने महिला अपराधों से जुड़े लोगों को ही प्रत्याशी बनाया है। महिला पहलवानों के साथ दुव्यर्वहार व यौन शोषण के आरोपी कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे तथा हजारों महिलाओं के यौन शोषण के आरोपी प्रज्ज्वल रेवन्ना जैसे अपराधियों को भाजपा टिकट देती है और प्रधानमंत्री भरे सभा में इनके पक्ष में प्रचार करते हैं।