महासमुन्द
कहा- इस बुजुर्ग दरख्त को किसी भी हाल में मरने नहीं दिया जाएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। अस्तित्व खो रहा वामनसरा के दो एकड़ जमीन पर जड़े जमाने वाले 400 साल के बरगद की ‘छत्तीसगढ़’ की खबर पर महासमुंद के जिला वन मंडल अधिकारी पंकज सिंह राजपूत ने कहा है कि इस बुजुर्ग दरख्त को किसी भी हाल में मरने नहीं दिया जाएगा। यह हमारे जिले की शान है। इस बरगद में हजारों जीव निवास करते हैं और आसपास के लोगों के अलावा प्रदेश भर के लोगों की श्रद्धा है। इसे बचाने की मांग सच में ग्रीन केयर सोसायटी ने की थी।
आगे कहा कि सोसायटी के अध्यक्ष विश्वनाथ पाणिग्रही पेड़ों को लेकर काफी संजीदा हैं। श्री पाणिग्रही से जानकारी लेकर विभाग ने स्थल निरीक्षण किया वास्तविकता देखी। हमने देखा कि वह अमर वट वृक्ष है। कई एकड़ में फैला है। उसकी एक जड़ खत्म होने तक कई जड़ें नई उग आती हैं। वन विभाग का काम पौधों का संरक्षण करना और वन्य जीवों को बचाना है। हमने एक फाइल तैयार कर रायपुर भेजा है। बीच में इलेक्शन आदि के कारण बरगद वाले मामले में ध्यान नहीं दे पाया। जैसे ही समय आएगा, हम साथ बैठकर कैम्पा योजना में इस पेड़ को शामिल कर इसकी सुरक्षा के लिए प्लान तैयार करेंगे।
मालूम हो कि महासमुंद जिले के वामनसरा गांव में एक बरगद का 400 साल पुराना पेड़ है। यह उम्रदराज बरगद लगभग दो एकड़ जमीन पर अपनी जडं़े जमाया हुआ है। इस बरगद को लेकर लोगों में इस कदर जागरूकता है कि वे इसे एक अमानत के रूप में संजोकर रखना चाहते हैं, लेकिन बरगद का यह बूढ़ा पेड़ धीरे-धीरे अपना अस्तित्व खोने लगा है। इसे बचाने के लिए लोग कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों से लगातार गुहार लगा रहे हैं। सभी ने पहले तो यही कहा कि उक्त बरगद को बचाने की हरसंभव कोशिश होगी। कई लोगों ने बड़ी-बड़ी बातें भी की। लेकिन उनमें से किसी ने भी इसकी सुधि नहीं ली। अभी भी ग्रीन केयर सोसायटी दिन रात एक कर दफ्तरों के चक्कर लगा रही है कि किसी तरह इस पेड़ को बचाया जा सके।
विश्वनाथ पाणिग्रही ने ‘छत्तीसगढ़’अखबार को बताया है कि इस वट वृक्ष इस को पतोरा डेम, नरसिंगनाथ तीर्थस्थल जाने वाले पर्यटकों के लिए पर्यटन कॉरिडोर बनाने की घोषणा तत्कालीन पर्यटन मंत्री मोहम्मद अकबर ने की थी। जिला प्रशासन, राज्य शासन तथा केम्पा अधिकारियों को इसके संरक्षण के लिए विस्तृत पत्र भेजा गया था। वन विभाग महासमुंद ने इसे केम्पा योजना में शामिल भी किया था।