महासमुन्द

सरकारी दुकानों से गरीबों को मिलने वाले नमक में रेत-कंकड़ की शिकायतें
27-May-2024 4:41 PM
सरकारी दुकानों से गरीबों को मिलने वाले नमक में रेत-कंकड़ की शिकायतें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 मई। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से गरीबों को मिलने वाले नमक में रेत कंकड़ मिलावट की शिकायतें सामने आ रही है। कुछ उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत खाद्य विभाग से की है। पिछले माह भर से नमक में रेत के कण मिल रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ सप्ताह से नमक सब्जी या फि र किसी पेय में नहीं घुलने के कारण लोगों को कुछ शंका हुई। इसके लिए लोगों ने पैक्ड थैली में से नमक निकालकर पानी में मिलाकर डेमो किया। जिससे पानी में मिलाने के बाद भी थोड़ा अवशेष बचना पाया गया। बाद कुछ उपभोक्ताओं ने इसकी लिखित शिकायत करते हुए जांच की मांग भी की। उपभोक्ताओं की मानें तो नमक में रेत या किसी अन्य धातु के पाउडर आदि की मिलावट की गई है। इधर खाद्य सामग्री में मिलावट जैसे संवेदनशील विषय को लेकर अफसरों ने गंभीरता नहीं दिखाई। ऐसे में एक थैली में कंट्रोल दुकान से मिलने वाले नमक की पैक थैली लिए गांव से आए लोग मीडिया कर्मियों को अपनी समस्या सुनाते रहे।

सब ने टेबल पर नमक का ढेर लगाकर देखा तो उसमें रेत की मिलावट भी दिखी। इतना ही नहीं लोटे में डाले गए नमक में से भी 10 प्रतिशत नमक 15-20 मिनट बाद तक पानी में नहीं घुल सका। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया है कि नमक में रेत या अन्य कोई कठोर धातु का पाउडर मिलाया गया है। जानकारी अनुसार शासकीय उचित मूल्य दुकानों से जिले के करीब साढ़े 3 लाख परिवारों को खाद्यान्न सामग्री मिलता है। इन्हीं लोगों को मुफ्त में 2 किलो नमक भी मिलता है।

सहायक खाद्य अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि जी हां नमक में रेत आने की शिकायत मिली थी। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। लोकल स्तर पर भी इसकी जांच कराई जा रही है।

मेडिकल कालेज महासमुंद प्रो.डॉ.ईआर वर्मा ने बताया कि रेत से पथरी, किडनी तथा मूत्र रोग संबंधित बीमारियां हो सकती हैं। यदिए थोड़े कण हैं तो वे शौच से निकल जाते हैं। लेकिन बड़ी मात्रा में रेत के कण जानलेवा हो सकते हैं।  


अन्य पोस्ट