महासमुन्द

नवतपा का तीसरा दिन सूरज आग उगल रहा
27-May-2024 2:48 PM
नवतपा का तीसरा दिन सूरज आग उगल रहा

11 से 5 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 मई। नवतपा के आज तीसरे दिन सूरज आग उगल रहा है। रात में भी तापमान बढऩे से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। हालांकि आज सोमवार से गुरूवार तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में ग्रीष्म लहर जैसे हालात बने रहने की संभावना है।

इसी तरह 27 व 28 मई की रात उष्ण रहने की संभावना बताई गई है। ऐसे में चिकित्सकों ने ग्रीष्म लहर से बचने के लिए भरपूर पानी पीने की सलाह दी है। इससे शरीर पूरी तरह हाइड्रेट रहेगा और गर्मी के बुरे प्रभाव से शरीर को बचाये रखने में सहायक होगा। लोगों से अपील की गई है कि दोपहर की तेज धूप में जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा शरीर को अच्छी तरह ढंककर ही निकलें। टोपी, दुपट्टे या अन्य किसी कपड़े से सिर को ढंककर ही रखें। छाता लेकर निकलना भी एक अच्छा उपाय हो सकता है। गर्मी के दिनों में सूती कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए। बहुत अच्छा होगा कि 11 बजे से 5 बजे तक घर के बाहर निकलने से बचें। गौरतलब है कि 25 मई को नवतपा लगने के बाद से आसमान से आग बरस रही है। इस वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है। भीषण गर्मी से दिनचर्या बदल गई है। तापमान बढऩे के कारण दिन में 12-1 बजे से शाम 5-6 बजे तक सडक़ें सूनसान पड़ी रहती है।

 बाजार में चहल-पहल भी शाम के बाद ही दिख रही है। उमस वाली रात्रि होने के कारण रात में भी जमकर गर्मी पड़ रही है।

पंखे और कूलर तक राहत नहीं दिला पा रहे हैं। हालात यह है कि सुबह 6-7 बजे से ही पसीना निकलने लगा है। अपरान्ह 11 बजे के बाद जरूरी काम के लिए ही निकल पा रहे हैं। आने वाले 4 दिन के लिए मौसम विभाग ने ग्रीष्म लहर की चेतावनी देते हुए सावधान रहने की सलाह दी है।


अन्य पोस्ट