महासमुन्द

नर भालू की वाहन की चपेट में मौत
26-May-2024 2:50 PM
 नर भालू की वाहन की चपेट में मौत

जंगल से चारा-पानी की तलाश में भटक कर आया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 26 मई। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर ग्राम टेका के समीप जंगल से चारा-पानी की तलाश में भटक कर आये एक नर भालू की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। भालू की उम्र 3 से 4 वर्ष बताई जा रही है। वन विभाग द्वारा मृत भालू का स्थानीय काष्ठागार में पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमॉर्टम करवा कर अंतिम संस्कार किया गया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात नर भालू खाना पानी की तलाश करता हाईवे पर पहुंच गया। सडक़ पार करते भालू को किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की ठोकर से भालू बुरी तरह घायल हो गया । घायल अवस्था में ही भालू वापस जंगल की ओर ही भागना चाहता था, परन्तु सडक़ किनारे एनएचएआई द्वारा लगाई गई तार के कारण भालू भाग नहीं पाया और अत्यधिक चोट लगने के कारण उसकी वहीं मौत हो गई।

रात में ही कुछ राहगीरों की सूचना के बाद वन अमला घटनास्थल पर पहुंचा और  भालू के शव को पंचनामा के बाद काष्ठागार पहुंचाया गया, परन्तु रात में पशु चिकित्सक नहीं होने के कारण रविवार की सुबह मृत भालू का पोस्टमार्टम 3 पशु चिकित्सकों की टीम से करवा कर उसका अंतिम संस्कार किया गया।

वन्य प्राणियों का डेथ स्पॉट है टेका से भोकलूडीह 
टेका से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग में 5 किलोमीटर दूर भोकलूडीह तक का मार्ग वन्य प्राणियों का डेथ स्पॉट है। यहां अक्सर वन्य प्राणियों की सडक़ दुर्घटना से मौतें होती रहती है।

ज्ञात हो कि इसके पूर्व भी इस स्थान के आसपास एक तेंदुआ, लकड़बग्घा, सहित अन्य वन्य प्राणियों की मौतें हुई हैं। विशेषकर गर्मी के मौसम में जंगल के जलस्त्रोत लगभग सूख जाते हंै और जंगल से पानी की तलाश में वन्य प्राणी अक्सर इसी डेथ स्पॉट तक पहुंच जाते हैं।

गर्मी में खाद्य सामग्री का भी टोटा
भीषण गर्मी के मौसम में वन क्षेत्रों में जल स्त्रोत सूखते ही हैं, इसके साथ वन्य प्राणियों का पसंदीदा भोजन चहार, तेंदू एवं छीन जैसे फल भी ग्रामीण तोड़ कर बेच देते हैं ,जिसके कारण भोजन पानी की कमी के चलते वन्य प्राणी जंगलों से निकल कर आबादी तक पहुंच रहे हंै।

 


अन्य पोस्ट