महासमुन्द

महानदी की रेत घाटों में अवैध खुदाई-परिवहन, सरपंच और सचिवों को नोटिस
24-May-2024 2:54 PM
महानदी की रेत घाटों में अवैध खुदाई-परिवहन, सरपंच और सचिवों को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई।
महासमुंद से रायपुर रास्ते के बीच से गुजर रही महानदी की रेत घाटों पर दिन-रात रेत की चोरी हो रही है। रात के अंधेरे में कई वाहनों से रेत की ढुलाई हो रही है। महासमुंद और आरंग दोनों रास्ते से रातों-रात रेत की सप्लाई होती है। महासमुंद में अधिकारियों ने हाल ही में पंचायतों के सरपंच और सचिवों को नोटिस जारी किया है।

महासमुंद पुलिस ने सिरपुर क्षेत्र के खमतराई में चल रहे अवैध खुदाई पर आधी रात छापामार कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन और 2 हाइवा को जब्त किया है। लेकिन आरंग के हिस्से में महानदी से लगे रेत घाटों पर सुबह से देर रात तक सैकड़ों हाईवा बेखौफ अवैध रेत उत्खनन होने के बावजूद किसी तरह की कार्रवाई की जानकारी नहीं है। नदी किनारे के गांव वाले शिकायत पर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अफसर मौैन हैं। 

आरंग एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा है कि अवैध रेत घाटों पर समय-समय टीम बनाकर कार्रवाई की जा रही है। आगे भी महासमुंद और आरंग की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करेंगे। हाल ही में महानदी नदी के अंदर बने रैंप को काटा है। वाहनों की जब्ती की गई है।

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के नियमानुसार शाम 6 बजे के बाद महानदी से रेत खनन करना गैरकानूनी है। ...लेकिन रात के अंधेरे में रेत की चोरी जारी है।  इस मामले में महासमुंद थाना प्रभारी कोतवाली मोनिका श्याम ने कहा कि महासमुंद के बिरकोनी से लेकर सिरपुर के बीच के घाटों में अवैध परिवहन होता है, कार्रवाई जारी है। 


अन्य पोस्ट