महासमुन्द

अवैध शराब पकडऩे गई आबकारी टीम पर हमला: सब इंस्पेक्टर समेत तीन जवानों की पिटाई, मामला दर्ज
24-May-2024 2:49 PM
अवैध शराब पकडऩे गई आबकारी टीम पर हमला: सब इंस्पेक्टर समेत तीन जवानों की पिटाई, मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई।
महासमुंद जिले में अवैध शराब पकडऩे गए आबकारी विभाग की टीम पर हमला हो गया है। कहा जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर समेत तीन जवान की आरोपी ने पिटाई कर दी। पुलिस ने इस मामले में मारपीट और जान से मारने की धमकी का जुर्म दर्ज कर लिया है। 

जानकारी अनुसार बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामला कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम टोंगोपानी का है। 
बुधवार को आबकारी विभाग के उप निरीक्षक विकास बढ़ेंद्र, अपने साथी उप निरीक्षक मुकेश कुमार वर्मा, आरक्षक देवेश मांझी और महिला नगर सैनिक देवकी ठाकुर के साथ ग्राम टोंगोपानी गए थे।

वहां उन्होंने अवैध शराब रखे जाने के शक पर हिरेश ठाकुर के घर की तलाशी ली। तलाशी में जब वहां कुछ नहीं मिला तो उसके घर से लगे संजय ठाकुर के घर भी अवैध शराब बिक्री की सूचना को लेकर पूछताछ की। 

तब हिरेश ठाकुर ने बताया कि संजय ठाकुर अपने खेत गया है। हिरेश ठाकुर ने संजय को फोन कर उसे आबकारी विभाग के अधिकारी से बात कराई तो संजय ठाकुर फ ोन पर नाराज हो गया। कुछ देर बाद वह घर आया। जहां आबकारी विभाग के उपविभाग की टीम ने गांव में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी संजय ठाकुर के घर की तलाशी लेने की कोशिश की गई। इससे नाराज होकर संजय ठाकुर ने आबकारी विभाग के अमले पर ही हमला कर दिया।

कोमाखान थाना प्रभारी संजय नाग ने बताया कि आबकारी विभाग की टीम अवैध शराब को लेकर आरोपी संजय ठाकुर के घर की तलाशी लेना चाह रही थी। जिससे नाराज होकर उसने टीम पर हमला कर दिया। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ  अपराध पंजीबद्ध किया गया है। उसके खिलाफ  पुराने आपराधिक मामलों की पतासाजी भी की जा रही है।

इस मामले में आबकारी विभाग के उप निरीक्षक विकास बढ़ेंद्र ने कहा कि हम मुखबिर की सूचना पर अवैध शराब पकडऩे टोंगोपानी गांव गए थे। वहां संजय ठाकुर ने बगैर बातचीत सुने सीधे हम पर हमला कर दिया। मारपीट में पुलिसकर्मियों को चोटें आई हंै। वर्दी तक फट गई। बटन टूट गए। बाएं साइड का दो स्टार वाला फ्लैप भी टूट गया। पुलिस में इसकी शिकायत की गई है।
 


अन्य पोस्ट