महासमुन्द

हटाये जा रहे बसना तालाब किनारे के अतिक्रमण: कोई कह रहा जगह नहीं छोड़ेंगेे, कोई कह रहा धरना देंगे
24-May-2024 2:30 PM
हटाये जा रहे बसना तालाब किनारे के अतिक्रमण: कोई कह रहा जगह नहीं छोड़ेंगेे, कोई कह रहा धरना देंगे

किसी भी जनप्रतिनिधि को अतिक्रमण करने का अधिकार नहीं-संपत 

मेरा मकान घास भूमि में है, मैं मकान नहीं छोडूंगा-नपंअध्यक्ष 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई।
बसना नगर पंचायत ने कब्जाधारियों को लगभग 15 दिन पहले ही अवैध कब्जा हटाने के लिए निर्देश दिए थे और गुरुवार शाम से कब्जा हटाने का काम जारी है। नगर पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र साहू ने बताया कि तालाब किनारे खसरा नंबर.126 से जो अतिक्रमण हटाया जा रहा है, वहां तक सही है। लेकिन कई लोग घास भूमि खसरा नंबर 125-2 में वर्षों से काबिज हैं, उन्हें भी हटाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमणकर्ताओं को कोई सूचना नहीं दी जा रही है। मेरा मकान घास भूमि में है, मैं मकान नहीं छोडूंगा। उन्होंने आरोप लगाया है कि बसना विधायक सम्पत अग्रवाल के इशारे पर ये सब हो रहा है। मैं थाने के सामने धरने पर बैठूंगा। हम लोगों की एक भी नहीं सुनी जा रही है। 

नगर पंचायत बसना के सीएमओ सूरज सिदार ने बताया कि वार्ड-12 में घास जमीन पर दुकान और मकान बनाकर अवैध कब्जा करने वालों को एनजीटी के नियमों का उल्लंघन पर नगर पंचायत ने कब्जा छोडऩे का नोटिस दिया था। 3 दिनों में कब्जा नहीं छोडऩे पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

बसना विधायक सम्पत अग्रवाल ने कहा कि वहां एनजीटी के निर्देशानुसार नगर पंचायत अपना कार्य कर रही है और कोई भी घास या तालाब की भूमि परपदमपुर रोड तालाब किनारे पर हुए अवैध कब्जों को गुरुवार को ढहाया गया है। बसना नगर पंचायत व राजस्व विभाग की टीम ने यादव होटल, शिव मिस्त्री, पंचर की दुकान, बाबूलाल का मकान को ढहाया। बसना नगर पंचायत ने कब्जाधारियों को लगभग 15 दिन पहले ही अवैध कब्जा हटाने के लिए निर्देश दिए थे।

विधायक श्री अग्रवाल ने कहा कि कोई भी घास या तालाब की भूमि पर अतिक्रमण नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि तालाब किनारे खुद नगर पंचायत अध्यक्ष अतिक्रमण कर बैठे हैं। किसी भी जनप्रतिनिधि को अतिक्रमण करने का अधिकार नहीं है। अतिक्रमणकर्ताओं में कोई भूमिहीन है, तो उन्हें 900 स्क्वायर फीट जमीन छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ  से व्यवस्थापन के तहत दी जाएगी। बाकी जिन बड़े लोगों का व्यवसायिक के लिए कब्जा हटाया गया है, वह सही है।


अन्य पोस्ट