महासमुन्द
400 बरस के बरगद को संरक्षित व पर्यटन से जोडऩे की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मई। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस-2024 पर ग्रीन केयर सोसाइटी इंडिया ने गांव बामनसरा के उम्रदराज 400 वर्षीय बरगद के वृक्ष को संरक्षित करने व पर्यटन से जोडऩे की मांग की है।
ग्रीन केयर सोसाइटी इंडिया के अध्यक्ष डॉ.विश्वनाथ पाणिग्राही व वरिष्ठ सदस्य इतिहासकार डॉ. विजय शर्मा ने बताया कि हम निरंतर 14 वर्षों से इस वटवृक्ष को संरक्षित करने लगातार पत्राचार, चर्चा, ज्ञापन, आवेदन देते आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष जैव विविधता दिवस के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम अरण्य भवन रायपुर में तत्कालीन वन मंत्री मोहम्मद अकबर को ज्ञापन देकर आमने-सामने चर्चा कर संरक्षित करने की मांग की गई थी, लेकिन नहीं हो पाया। डॉ.पाणिग्राही ने कहा कि छत्तीसगढ़ का गौरव स्वरूप 400 वर्षीय वट वृक्ष अब दम तोड़ रहा है। अपने अंदर जैव विविधता को समेटे कभी एक एकड़ प्रक्षेत्र में फैला यह बरगद अब आधा एकड़ के अंदर सिमट गया है। यह देव वृक्ष है। जिसके नीचे बस्तरीन माता की स्थापना है। संरक्षण के अभाव में यह विलुप्त न हो जाए।
डॉ. पाणिग्राही ने कहा कि बामनसरा ग्रामवासी भी संरक्षण न होने के कारण भावनात्मक रूप से दु:खी हैं। तत्कालीन कैम्पा अधिकारी बीके सिन्हा के निर्देशानुसार अपनी भूमि स्वामी जमीन को बरगद संरक्षण के लिए वन विभाग को दान देने वाली मीरगिन बाई का परिवार भी ठगा महसूस कर रहा है।
बामनसरा बरगद संरक्षण समिति, ग्रीन केयर सोसाइटी इंडिया, ग्रामीणों ने वन मंडलाधिकारी महासमुंद, वन संरक्षक, छत्तीसगढ़ बायोडायवर्सिटी बोर्ड से पुन: मांग की है कि शीघ्र ही सकारात्मक कार्य किए जाएं।