महासमुन्द

पूर्व विधायक डॉ.चोपड़ा ने एसडीएम कार्यालय में शिविर लगाया ?
23-May-2024 3:16 PM
पूर्व विधायक डॉ.चोपड़ा ने एसडीएम कार्यालय में शिविर लगाया ?

एसडीएम ने कहा-ऐसा काम कोई भी बिना अनुमति नहीं कर सकता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 23 मई।
एसडीएम महासमुंद कार्यालय के बाहर गेट पर कल पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने कुछ लोगों से आवेदन एकत्र कर उनके शीघ्र निराकरण के लिए एसडीएम उमेश साहू और तहसीलदार से चर्चा की। इस मामले में पहले डॉ.चोपड़ा ने अखबारों में विज्ञप्ति में जारी कर बताया था कि उन्होंने एसडीएम कार्यालय में शिविर लगाया था। जिसका एसडीएम उमेश साहू ने खंडन करते हुए कहा है कि ऐसा काम कोई भी बिना अनुमति नहीं कर सकता। लेकिन विज्ञप्ति के साथ डॉ. चोपड़ा ने एक फोटो भी जारी किया है जिसमें डॉ. चोपड़ा कुुर्सी पर बैठे हुए हैं और उनके आसपास बहुत से लोग खड़े हुए हैं। हालांकि एसडीएम के खंडन के बाद डॉ. चोपड़ा ने कहा है कि परिसर के बाहर गेट पर उन्होंने 6-7 लोगों से आवेदन एकत्र किया था। इस पर एसडीएम श्री साहू ने कहा है कि मामले की जानकारी कलेक्टर को दे दी गई है।  

मालूम हो कि कल शाम एक विज्ञप्ति जारी कर डॉ. चोपड़ा ने बताया था कि उन्होंने एसडीएम कार्यालय में जन सुनवाई शिविर लगाया था। डॉ.चोपड़ा इसी तरह के कड़े विरोध प्रदर्शनों के लिए जाने जाते हैं। लिहाजा मीडियाजनों ने इस पर एसडीएम उमेश साहू से बात की तो एसडीम श्री साहू ने एसडीएम कार्यालय में डॉ.चोपड़ा द्वारा जनसुनवाई शिविर लगाए जाने की बात का खंडन किया। उन्होंने कहा कि इस परिसर में ऐसा काम कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति नहीं कर सकता। ...और अभी तो धारा 144 भी लागू है। 

एसडीएम श्री साहू ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी कलेक्टर को दे दी है। देर शाम डॉ. चोपड़ा ने पूछने पर बताया कि एसडीएम कार्यालय में नहीं वरन उनके परिसर के बाहर गेट पर उन्होंने 6-7 लोगों से आवेदन एकत्र किया था और उनके शीघ्र निराकरण को लेकर एसडीओ सिविल उमेश साहू व तहसीलदार, नायब तहसीलदार से चर्चा भी की है। अब इन आवेदनों के निराकरण की समीक्षा आगामी बुधवार को की जाएगी।

इससे पहले अपने विज्ञप्ति में डॉ.चोपड़ा ने बताया था कि उनकी कथित जन सुनवाई में मेघराज चंद्रसेन नांदगांव, कृष्णा पटेल बांसकुड़ा, लोलाराम साहू चिंगरौद, रानीदान राठी महासमुंद, भरत लाल साहू मोरधा, कमल साहू महासमुंद और कई लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं उनके समक्ष प्रस्तुत की। 
डॉ. चोपड़ा ने अधिकारियों से चर्चा कर इनकी समस्याओं को 7 दिवस के अंदर निराकरण करने का आश्वासन दिया। 

उन्होंने विज्ञप्ति में लिखा था कि अब से जन सुनवाई शिविर प्रत्येक बुधवार को सुबह 11 बजे से 12 बजे तक लगाया जाएगा। शिविर में डॉ. विमल चोपड़ा के साथ देवीचंद राठी, महेंद्र सिका, हनीश बग्गा, पवन साहू, मोहन साहू, भरत खत्री, विक्की गुरुदत्ता, जितेंद्र साहू, राकेश सचदेवा, डोमार तांडी, हफीज कुरैशी, सुरेंद्र महाराज, रविंद्र जैन, माखन पटेल, सुरेंद्र यादव आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट