महासमुन्द

खल्लारी मंदिर मार्ग जर्जर, प्रवेश द्वार में लगे पत्थर भी टूटकर गिर रहे
23-May-2024 2:57 PM
खल्लारी मंदिर मार्ग जर्जर, प्रवेश द्वार  में लगे पत्थर भी टूटकर गिर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मई।
खल्लारी मातेश्वरी मंदिर मार्ग अत्यंत जर्जर हो चुकी है। महज 2 किमी लंबी सडक़ में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सडक़ की परतें उखडऩे से बजरी सडक़ पर फैली हुई है। इससे राहगीरों को हादसे की आशंका है। 

खल्लारी के सामाजिक कार्यकर्ता तारेश साहू सहित स्थानीय ग्रामीण कई बार शासन-प्रशासन से पत्र व्यवहार कर चुके हैं, लेकिन मार्ग की स्थिति सुधारने में किसी की दिलचस्पी नहीं दिखती है। इस मार्ग के प्रवेश द्वार में लगे काले ग्रेनाइट मार्बल पत्थर भी पिछले कुछ वर्षों से लगातार टूट-टूटकर गिर रहे हैं। प्रवेश द्वार के ऊपरी हिस्से में बरगद और पीपल के पौधे भी उग आए हैं। यह स्थान विधानसभा क्षेत्र खल्लारी का मुख्यालय और ऐतिहासिक धार्मिक दैवीय माता तीर्थ स्थल के अलावा पर्यटन स्थल भी है। इसके बाद भी मुख्य मार्ग से मंदिर पहाड़ी तक 2 किमी का मार्ग अत्यंत जर्जर है।

इसके चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर का निर्माण, डिवाइडर को अनगिनत आकर्षक फूलों के पौधों से सुसज्जित कर आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग स्थानीय लोग कर रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि सौंदर्गीकरण व विभिन्न सुविधा होने से यह मार्ग पर्यटकों व राहगीरों को मां खल्लारी दर्शन में और ज्यादा आनंदित करेगा। 

गौरतलब है कि यह मार्ग नेशनल हाईवे-353 से जुड़ा हुआ है। यह खल्लारी बस्ती की ओर जाता है, जहां खल्लारी माता का ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण मंदिर स्थित है। इसमें एक मंदिर खल्लारी बस्ती में है, जिसे माता राऊर स्थित खल्लारी मातेश्वरी मंदिर के नाम से जाना जाता है। वहीं  दूसरा और प्रमुख मंदिर पहाड़ी में खल्लारी का प्रसिद्ध मंदिर है। इसके अलावा धार्मिक दृष्टि से यहां अनेक महत्वपूर्ण मंदिर भी हैं।
 


अन्य पोस्ट