महासमुन्द
सुबह-शाम पौधों को पानी देने दो मजदूर भी
हर साल भीमसेनी एकादशी पर पहाड़ी में लगता है मेला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मई। महासमुंद जिले से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 353 आंवराडबरी से महज दो किलोमीटर दूर पर ग्राम बोईरगांव में ग्रेनाइट पत्थरों की विशालकाय पहाड़ी है जिसे लोग चंदवा पहाड़ी कहते हैं। चंदवा पहाड़ी पर पांडुवंशी भीम की 25 फ ीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है। जहां स्थानीय वन विभाग द्वारा पिछले वर्ष बरसात के दिनों में पहाड़ी पर चट्टानों के गड्ढों व दरारों के बीच कुल 111 पौधे लगाये थे। प्रत्येक पौधे को तेल डिब्बा टीपा में मिट्टी भरकर रोपित किया गया था। चट्टान पर लगाये गये ये अब पौधे अच्छे से तैयार हो रहे हैं। इन पौधों में ज्यादा संख्या में बरगद और पीपल के पौधे हैं। कहीं-कहीं पर कदम, करण व गस्ती के पौधे भी रोपे गए हैं। उक्त पौधों को मवेशियों से बचाने लोहे व तार की जाली से सुरक्षित रखा गया है। अब इन पौधों की लंबाई करीब 5 से 7 फ ीट तक पहुंच गई है। ग्राम बोईरगांव में खल्लारी वन क्षेत्र कक्ष क्रमांक.189 में इस पहाड़ी पर वर्ष 2023 में डिस्ट्रिक फ ारेस्ट आफिसर पंकज राजपूत के मार्गदर्शन में खल्लारी के सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र चंद्राकर के प्रयास से पहाड़ी की सुंदरता बढ़ाने एवं पहाड़ी पर स्थित पांडुवंशी भीम की विशालकाय प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचने वाले पर्यटकों को इस पहाड़ी पर शुकून दिलाने और इस जगह को पर्यटन के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से यह प्रयास किया गया।
पहाड़ी के नीचे से दो किमी दूर से पानी ला पौधों में डालते हैं मजदूर
इस पहाड़ी में पानी की कोई भी व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद इस प्रचंड गर्मी में चट्टानों पर लगे पौधों को बचाने की भरपूर कोशिश की जा रही है। वन विभाग ने प्रति दिवस सुबह-शाम पौधों को पानी देने दो मजदूर भी लगा रखे हैं। ये मजदूर पहाड़ी के नीचे से करीब दो किलोमीटर दूर से पानी लाकर पौधों में डाल जाते हैं। इस दौरान मजदूर थकान महसूस करे तो उनके आराम के लिए पहाड़ी पर एक खदरनुमा झोपड़ी भी बनायी गयी है।
उक्त पहाड़ी के संबंध में ग्रामीण बताते हैं कि चंदवा पहाड़ी पर ग्रेनाइट होने की वजह से बाहरी लोग इसे मशीनों से तोडऩे लगे थे तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। इसके बाद से पहाड़ी को बचाने ग्रामीणों ने भीम की विशालकाय प्रतिमा का निर्माण पहाड़ी पर कराया। किवदंती है कि महाभारत काल में पांडवों ने खल्लारी सहित इस क्षेत्र में अपना समय बिताया था। इस पहाड़ी पर भीम के अंगूठे के निशान और एक जगह गुफा भी है। पर्यटन की दृष्टि से यह स्थान काफी महत्वपूर्ण है।
भीमसेनी एकादशी पर मेला
स्थानीय ग्रामीण राहुल कुलदीप ने बताया कि पहाड़ी की ऊंचाई सौ फीट से ऊपर है जो 30 एकड़ 22 डिसमिल 12.09 हेक्टर में फैली हुई है। ग्रामीण इस पहाड़ी पर प्रत््येक साल ज्येष्ठ मास में भीमसेनी एकादशी को व्रत रखकर पूूजा करने आते हैं और इस मौके पर मड़ाई मेला का आयोजन किया जाता है।