महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 मई। वेतन आंबटन के बावजूद जिले के ग्राम पंचायत सचिवों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिसका खामियाजा सचिवों के अलावा उनके परिवार को भुगतना पड़ रहा है। पैसे के अभाव में पंचायत सचिव अपना इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं।
सचिवों का कहना है कि शासन ने 24 अप्रैल 2024 को सभी जिला पंचायत सीईओ के नाम पत्र जारी कर पंचायत सचिवों के वेतन भत्ते आबंटित किया है। पंचायत संचालनालय छग ने 24 अप्रैल को जारी आदेश में 166 करोड़ रुपए जारी कर मार्च 2024 से जून 24 तक उपादान की राशि हेतु प्रदाय किया गया है। आदेश में कहा गया है कि उक्त आबंटन का उपयोग पंचायत सचिवों के वेतन भत्ते के भुगतान के अतिरिक्त अन्य प्रयोजन में किया जाना पूर्णत: वर्जित है।
आगे कहा कि आबंटन के बावजूद 3 माह से जिले के सचिवों को वेतन नहीं मिला है। जिले में 552 सचिव पदस्थ हैं, जिनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। रिजल्ट घोषित होने के बाद अब बच्चों के पढ़ाई के लिए भी खर्च सामने है।
सचिव संघ के पूर्व पदाधिकारियों का कहना है कि अनेक सचिवों के समक्ष आर्थिक संकट के चलते वे अपना ठीक से इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं।
बेनीराम चंद्राकर, शिव पटेल, शिव कोसरे आदि ने सभी सचिवों को वेतन भुगतान करने की मांग करते हुए कहा है कि शासन की योजनाओं में प्रमुख भूमिका निभाने वाले सचिवों को वेतन का बाट जोहना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बागबाहरा विखं के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुरुभाठा में पदस्थ सचिव हीरालाल साहू की मृत्यु 14 मई व महासमुंद जनपद के अंतर्गत आने वाले कोलपदर के सचिव पवन ठाकुर का निधन 18 मई को हो गया। इनके परिजनों का कहना है कि पैसे के अभाव में इनक ठीक से इलाज नहीं हो सका। यदि वेतन मिल गया होता तो परिजन अच्छे से उपचार करा सकते थे।