महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 मई। जिला मुख्यालय से लगे 2 ग्रामों में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना के बाद अब 20 से 25 ग्रामों के लोगों को आए दिन होने वाली बिजली गुल की समस्या से मुक्ति मिली है। अब शेर तथा मचेवा से लगे 24-25 ग्रामों के किसानों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं होगा।
बिजली गुल होने की वजह से इस क्षेत्र के किसान ग्रीष्मकालीन फसल नहीं ले पाते थे। लेकिन अब वे फसल ले सकेंगे। इसमें मचेवा का सब स्टेशन शुरु हो चुका है। जिससे 12 ग्रामों में बिजली की सप्लाई शुरू हो गई है। वहीं शेर में लोडिंग नहीं दी गई। सब स्टेशन की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। इसी सप्ताह यह भी शुरू हो जाएगा। इससे शेर, मोंगरा, कनेकेरा, भलेसर,धनसुली, साल्हेभांठा सहित 12-13 गांव रोशन होंगे। ग्राम मचेवा के हेलीपैड के समीप ही विद्युत वितरण कंपनी ने यहां 33-11 नए सब स्टेशन की स्थापना की।
इससे 12-15 ग्रामों में वर्षों से हो रही बिजली गुल व लो.वोल्टेज की समस्या हमेशा के लिये समाप्त हो गई है। वहीं शेर में भी नए सब स्टेशन की स्थापना की गई है। जहां से 12 से 13 ग्रामों में रौशनी पहुंचेगी। वर्षों से मचेवा, बम्हनी, परसकोल, भुरका, परस_ी, लाफिनखुर्द, लाफिनकला सहित दर्जन भर से अधिक ग्रामों में लो वोल्टेज तथा विद्युत गुल होने की समस्या बनी रहती थी। इससे किसान तो हलाकान थे ही, स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित रहती थी। लेकिन सब स्टेशन शुरू होते ही अब यह समस्या दूर हो जाएगी।
एई वर्मा सहायक यंत्री का कहना है कि ग्राम शेर के सब स्टेशन की टेस्टिंग पूरी की जा चुकी है। मचेवा सबस्टेशन से बिजली की आपूर्ति शुरू हो चुकी है।
पंप से सिंचाई कर सकेंगे किसान
लो.वोल्टेज तथा बिजली गुल की समस्या को देखते हुए परसकोल, लाफिन, भुरका, भलेसर सहित इस मार्ग के अनेक ग्रामों के किसान ग्रीष्मकालीन फसल का उत्पादन ही बंद कर चुके हैं। अब सब स्टेशन के काम करते ही ट्यूबवेल लगाकर किसान अपने खेतों की पर्याप्त सिंचाई कर सकेंगे।