महासमुन्द
भीषण गर्मी से गांव में पानी के लिए त्राहि-त्राहि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 मई। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना के तहत बसना ब्लॉक के ग्राम सलखंड में पानी टंकी निर्माण हुए लगभग 2 महीने हो गए, परंतु आज तक पानी सप्लाई नहीं हुआ।
क्षेत्र के जनपद सदस्य ताराचंद साहू ने बताया कि ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। लगभग डेढ़ महीने पहले बोर खनन बिना पानी जांच परीक्षण के आधी रात को कर दिया गया। एक बूंद भी पानी नहीं निकला।
श्री साहू ने आगे कहा कि जो पूर्व में नल-जल सप्लाई हेतु पाइप लाइन बिछाया गया था, वहां रोड चौड़ीकरण चल रहा है। जिसमें ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण हेतु गड्ढा खोदाई करने पर पानी सप्लाई पाइप क्षतिग्रस्त हो गया है और नल जल कार्य के ठेकेदार तथा अधिकारी कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार की सुध नहीं ली जा रही है। इस भीषण गर्मी में अब तक लोगों को जहां राहत मिल जाना चाहिए था, वहां पर आज तक राहत नहीं मिल सकी। पानी सप्लाई हेतु गड्ढा खोदकर चेंबर निर्माण करके खुला छोड़ दिया गया है जो आमजनों, बच्चों तथा मवेशियों के लिए खतरा बना हुआ है। टंकी के आसपास न दीवार खड़ा किया गया है और न ही फेंसिंग।