महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मई। जिले के ग्राम आमापाली में अपने परिवार के साथ नहाने गए सात वर्षीय बालक की पुराने तालाब में डूबने से मौत हो गई। मौत होने की बात सुनकर घर एवं पूरे गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रियांशु सोनी पिता रमेश सोनी 7 साल निवासी आमापाली अपनी दादी और परिवार की अन्य महिलाओं के साथ परसों रविवार को गांव के पुराना तालाब में नहाने के लिए गया था। गत दिनों प्रियांशु की बुआ की शादी के बाद घर का कपड़ा धोने एवं नहाने गए हुए थे।
इस दौरान महिलाएं कपड़े धो रही थी। इसी दौरान प्रियांशु सोनी तालाब में उतरा और नहाते नहाते डूब गया। दादी और अन्य महिलाओं को प्रियांशु के डूबने का पता नहीं चला। घर जाकर प्रियांशु के बारे में पूछताछ की। कहीं फिर परिजनों ने आसपास तलाश की। कहीं पर भी नहीं मिलने पर फिर तालाब जाकर देखा तो प्रियांशु सोनी का शव तालाब में तैर रहा था। जिसे परिजनों द्वारा तत्काल निकाल कर जीवित होने की आशंका पर निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। जिसे डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। प्रियांशु सोनी की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। वहीं परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। जिसकी सूचना परिजनों द्वारा बसना थाना में दी गई। सूचना पर थाना की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।