महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मई। वामा डेयरी के तुमगांव प्लांट एवं डिलीवरी वैन से पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की चोरी होने की शिकायत थाने में लिखाई गई है।
फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस का कहना है कि वामा डेयरी प्रबंधन से इससे संबंधित कुछ या दस्तावेज मंगाए गए हैं, जो अभी तक उन्हें उपलब्ध नहीं कराये गए हैं।
डेयरी प्रबंधन की ओर से तुमगांव थाने में की शिकायत में बताया गया है कि वामा डेयरी के तुमगांव प्लांट से रोजाना डिलीवरी वैन प्लांट में बने डेयरी प्रोडक्ट लेकर निकलती है। काफी दिनों से प्लांट से एक्सेस सामान लोडकर वैन निकल रही है और इन एक्सेस सामानों को कोरबा के गांधी चौक निवासी एक व्यापारी को बेचा जाता है। इसमें पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पाद शामिल हैं। इनका बाजार मूल्य 40-50 हजार रुपए करीब होगा। शिकायत में आरोपियों के नामों का उल्लेख भी किया गया है।
शिकायत में बताया गया है कि वामा डेयरी की सेल्स टीम की जांच में उक्त खुलासा हुआ था। यह भी बताया गया है कि यह सब काफी दिनों से किया जा रहा है। अब तक 10-15 लाख रुपए कीमत के उत्पाद चोरी-छिपे बेचे जाने का अनुमान है।
तत्संबंध में प्रबंधन ने बताया कि उनकी कोरबा की सेल्स टीम के 2 लोगों को मामले से दूरी बनाए रखने की धमकी दी गई है। तत्संबंध में प्रमाण के लिए कुछ सीसीटीवी फुटेज भी वामा डेयरी प्रबंधन ने पुलिस को सौंपे हैं।
तुमगांव थाना प्रभारी नीतेश ठाकुर ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद एफआईआर की जाएगी। श्री ठाकुर ने बताया कि वामा डेयरी प्राइवेट लिमिटेड रायपुर की ओर से रिपोर्टकर्ता पीआर हेड रामनारायण शुक्ला से कुछ और दस्तावेज मंगाए गए हैं, जो फिलहाल उपलब्ध नहीं हुये हैं।