महासमुन्द
सीनियर महिला-पुरुष की राज्य चयन स्पर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 13 मई। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ महासमुंद द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के विशेष सहयोग से पिथौरा के अग्रसेन भवन में 7 से 10 जून तक सीनियर महिला व पुरुष की राज्य चयन स्पर्धा कराई जाएगी।
राज्य शतरंज संघ के सचिव हेमंत खूंटे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राज्य की प्रतिष्ठित सीनियर स्पर्धा है , जिसे ऑल इंडिया चेस फेडरेशन द्वारा फीडे रेटिंग की मान्यता दी गई है। इस स्पर्धा के आधार पर प्रदेश की टीम बनेगी जिसमें महिला व पुरुष वर्गों से अलग -अलग टॉप 4 खिलाडिय़ों का चयन राष्ट्रीय चयन स्पर्धा के लिए किया जाएगा।
हेमन्त ने आगे स्पर्धा संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि यह राज्य चयन स्पर्धा 9 चक्रों में अंतरराष्ट्रीय नियमानुसार स्विस लीग पद्धति से खेली जाएगी।
इस स्पर्धा में भाग लेने के लिए खिलाडिय़ों का छत्तीसगढ़ के नाम से ए आई सी एफ आई डी , ऑल इंडिया चेस फेडरेशन व छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ से 2024 का जीवित पंजीयन आवश्यक है। स्पर्धा हेतु विस्तृत जानकारी के लिए खिलाड़ी राज्य शतरंज संघ द्वारा जारी ब्रोशर अथवा वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं। स्पर्धा में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। स्पर्धा में कुल 85000 की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप खिलाडिय़ों को दिए जाएंगे।
पुरस्कार का विवरण इस प्रकार है-
मुख्य पुरस्कार के तहत पहला 12,000 रु. व ट्रॉफी, दूसरा 10,000 रु. व ट्रॉफी, तीसरा 8000 रु. व ट्रॉफी, चौथा 6000 रु. व ट्रॉफी , पांचवां से छठवां तक 4000- 4000 रु. व मेडल तथा सातवां से दसवां तक 2000 -2000 रु. व मेडल।
वूमेन कैटेगरी में
पहला 7000 रु.व ट्रॉफी, दूसरा 5000 रु. व ट्रॉफी, तीसरा 4000 रु. व ट्रॉफी तथा पांचवां से आठवां तक 2000 -2000 रु. व मेडल। इसके अलावा विशेष पुरस्कार के अंर्तगत बेस्ट महासमुंद को 2000 व मेडल, बेस्ट बस्तर संभाग 2000 रु. व मेडल, बेस्ट सरगुजा संभाग 2000 रु.व मेडल , बेस्ट वेटरन 2000 रु.व मेडल, स्पेशली एबल 2000 रु. व मेडल, यंगेस्ट प्लेयर 2000 रु.व मेडल विजेताओं को इनाम स्वरूप दिए जायेंगे।
स्पर्धा में भाग लेने हेतु 1000 रु. प्रवेश शुल्क रखा गया है। सरगुजा व बस्तर संभाग के खिलाडिय़ों के लिए एंट्री फीस में 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी गई है । स्पर्धा फीडे रूल्स के तहत स्विस पद्धति से खेली जाएगी, जिसमें प्रत्येक खिलाडिय़ों को टाइम कंट्रोल के तहत 60-60 मिनट व प्रत्येक चाल में 30 सेकंड की इंक्रीमेंट दिए जाएंगे।
स्पर्धा के दरमियान निर्धारित समय पर खिलाडिय़ों को प्रतियोगिता स्थल में रहना अनिवार्य है। अगर कोई खिलाड़ी 15 मिनट विलम्ब से पहुंचता है तो उनके अपोनेंट को वॉक ओवर दे दिया जाएगा। स्पर्धा संबंधी अन्य किसी आवश्यक जानकारी के लिए हेमंत खूंटे , टेक्निकल हेल्प व राज्य संघ से पंजीयन हेतु रॉकी देवांगन तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन से नए पंजीयन या नवीनीकरण हेतु ओमप्रकाश से खिलाड़ी उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर खिलाड़ी अपनी समस्या का निराकरण कर सकते हैं।