महासमुन्द
शाम बारात परघनी,टिकावन, फेरे के बाद विदा हो जाएगी गुडिय़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 मई। आज अक्षय तृतीया पर गुड्डे गुडिय़े की ब्याह हो रही है। महासमुंद में छत्तीसगढ़ अखबार कार्यालय में भी बच्चों ने आमंत्रित किया है।
जिला मुख्यालय के प्रत्येक मुहल्लें में आज सुबह से गुड्डे की बारात आई है। कल रात को चुलमाटी, तेलमाटी का कार्यक्रम था। आज गुडिय़ा के घर में मायन के बाद शाम तक बारात परघनी,टिकावन, फेरे के बाद गुडिय़ा की विदाई हो जाएगी। बाराती बच्चों के साथ बड़े भी सजधज कर पहुंचे हैं। बैंड बाजा बज रहा है, नेंग जारी है, किसी सचमुच ब्याह की तरह ही मंडप में मायन नाच जारी है।
श्याम बालाजी महाविद्यालय महासमुंद में भी दो दिवसीय अक्षय तृतीया कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें गुड्डे मिहिर की शादी गुडिय़ा मान्या के साथ हो रही है। यहां कार्यक्रम के पहले दिन हल्दी, संगीत तथा मेंहंदी का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के स्टॉफ ने भी हिस्सा लिया। बारात, आशीर्वाद समारोह तथा गुडिय़ा की विदाई आज है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संचालक हेमंत चंद्राकर, सचिव तारा चंद्राकर, प्राचार्य अंकिता के अलावा ‘छत्तीसगढ़’ अखबार की पत्रकार उत्तरा विदानी भी पहुंची थीं।