महासमुन्द

निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए दस्तावेजों का सत्यापन जारी, 3165 आवेदन
03-May-2024 2:35 PM
निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए दस्तावेजों  का सत्यापन जारी, 3165 आवेदन

महासमुंद,3 मई। शिक्षा के अधिकार के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद दस्तावेजों का सत्यापन जारी है। आरटीई के तहत जिले में 1672 सीट के लिए 3165 आवेदन आए हैं। 

पहले चरण की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल थी। उसके बाद 18 अप्रैल से दस्तावेजों का सत्यापन कार्य शुरू हुआ है, जो 17 मई तक चलेगी। शिक्षा सत्र 2024-25 में निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए शिक्षा के अधिकार के तहत आवेदन की प्रक्रिया एक मार्च से शुरू हुई थी। इस बार भी निजी स्कूल में नि:शुल्क अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए पालकों में उत्साह है। इस बार भी सीट से अधिक आवेदन आए हैं। वहीं प्रथम चरण में आवेदन नहीं कर पाने वाले छात्रों को दूसरे चरण के लिए इंतजार करना पड़ेगा।  प्रथम चरण की आवेदन प्रक्रिया डेढ़ माह तक चली। 

आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 18 अप्रैल से 17 मई तक दस्तावेजों का सत्यापन होगा। आरटीई प्रभारी देवेश चंद्राकर ने बताया कि वर्तमान में 600 से अधिक आवेदनों का सत्यापन हो चुका है। सत्यापन के बाद लॉटरी व आबंटन 20 मई से 30 मई तक चलेगी। स्कूल में दाखिला एक जून से 30 जून तक चलेगी। दूसरे चरण के लिए निजी स्कूलों के आवेदन की प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 15 जून से 30 जून तक चलेगी। 

छात्रों का पंजीयन एक जुलाई से 8 जुलाई तक होगा। 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित आरटीई के तहत निजी स्कूलों में इंट्री पाइंट पर 25 प्रतिशत सीट आरक्षित रहती है। इस अधिनियम के तहत तीन से साढ़े छह साल तक नि:शुल्क चयनित निजी स्कूल में अध्ययन कर सकते हैं। इस योजना के तहत प्रवेशित छात्र 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा प्राप्त कर सकता है। वहीं इस बार 212 निजी स्कूल ने पंजीयन कराया है।
 


अन्य पोस्ट