महासमुन्द

आंगन में नवजात रोते मिला ग्रामीण दंपति के पास सुरक्षित
03-May-2024 1:49 PM
आंगन में नवजात रोते मिला ग्रामीण दंपति के पास सुरक्षित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 3 मई।
बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम धूमहाढोंढा निवासी रमेश भगत को उसके घर के आंगन में रात को एक अज्ञात नवजात शिशु रोते हुए मिला। नवजात के रोने पर ग्रामीण अपनी पत्नी के साथ निकलकर आंगन में देखा और आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। सब ने मिलकर तत्काल उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने नवजात को एक ग्रामीण दंपत्ति को सौंप दिया है। 

ग्रामीण रमेश भगत ने बताया कि बुधवार की रात लगभग एक बजे घर के आंगन में किसी बच्चे की रोने का आवाज आ रहा था जिसे सुनकर वह और उसकी पत्नी ने उस बच्चे के समीप जाकर देखा कि नवजात एक कपड़े में लिपटा हुआ था। गर्मी और भूख की वजह से नवजात रो रहा था जिसे लेकर वह तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल बागबाहरा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आया। जहां चिकित्सकों ने नवजात शिशु का प्राथमिक उपचार करते हुए बताया कि यह नवजात अभी कमजोर है और इसका वजन भी काफी कम है।

 चिकित्सकों के अनुसार नवजात शिशु लडक़ी है और महज छह से सात दिनों की है। चिकित्सकों के अनुसार नवजात शिशु का प्राथमिक उपचार किया गया है तथा अभी स्वस्थ है। 
मामले में बागबाहरा पुलिस अज्ञात माता पिता के खिलाफ  मामला दर्ज कर विवेचना कर रही है। वहीं नवजात शिशु को पुलिस ने ग्रामीण दंपत्ति को सौंप दिया है।


अन्य पोस्ट