महासमुन्द
गर्मी की शुरुअवाती दिनों में ही जल संकट, जिला मुख्यालय सहित आसपास के हैंडपंप दम तोड़ चुके
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 मार्च। गर्मी के शुरुआती दिनों में ही इस बार जिला मुख्यालय सहित आसपास के हैंडपंप दम तोड़ चुके हैं। तालाबों में भी जल स्तर एकाएक काम होने की वजह से जहां अनेक ग्रामों में निस्तारी की समस्या शुरू हो गई है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत बनने वाली अनेक टंकियां अपूर्ण है तो कुछ टंकियों में वाटर लेबल काम होने की वजह से पानी चढऩे में दिक्कतें आ रही है।
फलस्वरूप अनेक ग्रामों में जल संकट की स्थिति है। आने वाले समय में यह संकट और भी विकट होने की संभावनाएं जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने इस बार अंचल में तेज गर्मी पडऩे की संभावना व्यक्त की है। मिली जानकारी के अनुसार जिले में हर साल पानी की भीषण समस्या से आम जनता को रूबरू होना पड़ता है। नल.जल योजना में अनेक हैंडपंप उगल रहे युक्त पानी कछुआ चाल और जल स्तर कम होने की वजह से पेयजल निस्तारी के पानी की भारी समस्या है।
अप्रैल से मई तक तीन माह में जिले के ग्रामीण इलाकों में पानी की भीषण समस्या है। महासमुंद जिले के 1117 गांव में नल जल योजना से पानी की सुविधा का प्रदान करने काम किया जा रहा है। शहर सहित जिला मुख्यालय से लगे अनेक ग्रामों के हैंडपंपों से पानी निकलना ही बंद हो गया है। जहां पान निकल रहा है वहां जंक युक्त पानी निकल रहा है। खास तौर पर स्कूलों के आसपास लगे हैंडपंप की सर्वाधिक स्थिति खराब है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में निस्तारी की समस्या शुरू हो गई है।
पिछले सप्ताह भर में 3 ग्रामों के ग्रामीण कलेक्टोरेट में पानी की समस्या लेकर पहुंच चुके हैं। जिले में नल जल योजना साल 2019 से शुरू हुई थी। जिसमें अब तक जिले के 138 गांव में नल जल योजना का काम पूरा हो चुका है। 966 गांवों में काम चल रहा है और 13 गांवों में अब तक नल जल योजना का काम शुरू नहीं हो पाया है।
पानी की समस्या से समाधान के लिए पीएचई विभाग ने जिले में 754 बोर खुदवाया था। जिसमें से 112 अभी तक बंद हो चुके हैं। है। बोर के बंद होने की वजह लगातार जल स्तर गिरना बताया जा रहा है।