महासमुन्द

घंटे भर पूर्व जन्मे बछड़ों समेत 11 गौवंश की तस्करी
18-Mar-2024 2:47 PM
घंटे भर पूर्व जन्मे बछड़ों समेत 11 गौवंश की तस्करी

 आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 18 मार्च।
महज घंटे भर पूर्व जन्मे 2 बछड़ों सहित कुल 11 गौ वंशों की तस्करी करते हुए एक कार को ठोकर मारने के मामले में पुलिस ने तस्कर के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।

पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक आरंग निवासी प्रार्थी यादेश्वर कुमार देवांगन अपने साथी रमेश देवांगन के जन्म दिन पर विष्णु देवांगन, भानू जलक्षत्री के साथ अपनी कार से वृद्धाश्रम दलदली रोड जा रहे थे। वे आश्रम पहुंचे ही थे कि नयापारा की ओर से आ रही पिकअप के चालक ने अपनी वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्व चलाते हुये यादेश्वर कुमार देवांगन के कार को ठोकर मार दी। जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कार में सभी सवार बाल-बाल बचे। उक्त पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया तो वह और भी तेज चलाते हुये मौके से फरार हो गया। जिसे दौड़ाकर ग्राम बोरियाझर के पास पकड़ा गया। 

उक्त पिकअप में गाय, बैल व घंटे भर पूर्व जन्म लिये 2 बछड़े लोड थे। कार को ठोकर मारने तथा गौ तस्करी के मामले में पिकअप चालक मोहम्मद अहकामुद्द्दिन गंजपारा महासमुंद के विरूद्ध धारा 279 भादवि तथा पशु परिरक्षण की धारा 4,5,610 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि प्रार्थी के साथी एक अन्य कार से प्रार्थी के कार के पीछे-पीछे आश्रम की ओर जा रहे थे। जिन्होंने ओवरटेक कर पिकअप को मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर रोका तथा डायल 102 को सूचना दी। 

पुलिस ने वाहन को थाने में लेकर आयी। वाहन में गौ वंशों की तस्करी की जा रही थी। वाहन में 2 गायों ने घंटे भर पूर्व ही बछड़ों को जन्म दिया था। इनमें से एक बछड़ा ठीक तरह से खड़ा नहीं हो पा रहा था। 

कल थाना परिसर में गायों को चारा तथा बछड़ों को बॉटल से दूध पिलाया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये गौ वंशों को गौशाला भेजा गया।
 


अन्य पोस्ट