महासमुन्द

नेत्रहीन विद्यालय की शिक्षिका को शहीद पंकज विक्रम खेल पुरस्कार
17-Mar-2024 3:34 PM
नेत्रहीन विद्यालय की शिक्षिका को शहीद पंकज विक्रम खेल पुरस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा,17 मार्च। 
बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत करमापटपर स्थित फॉर्च्यून नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका  प्रीति यादव को राज्य सरकार द्वारा शहीद पंकज विक्रम खेल पुरस्कार प्रदान किया गया। यह  पुरस्कार 14 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय , स्पीकर डॉ. रमन सिंह ,शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ,खेल मंत्री टंक राम वर्मा  के करकमलों से अन्य विभागीय मंत्रियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह में प्रदान किया गया।

गौरतलब है कि प्रीति यादव ग्राम बरभाटा पोस्ट बासिन विकासखंड  फिंगेश्वर जिला गरियाबंद निवासी रमेश यादव की बेटी हैं। वे बचपन से दृष्टि दिव्यांग हैं तथा समाज सेवी संस्था के माध्यम से ओपन स्कूल के माध्यम से  12वीं पास की । ब्रेल लिपि में विशेष डिप्लोमा की तथा बीए उत्तीर्ण की। 

खेल कूद में विशेष रुचि के कारण पैरा स्पोर्ट्स संघ छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल में 200मीटर  दौड़ ,लंबी कूद ,गोला फेंक आदि खेल में 2012, 2013,2015,2016,2017,2018 तथा2021-22 में रजत पदक ,कांस्य पदक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया।

छत्तीसगढ़ शासन खेल एवम युवा कल्याण विभाग से 2022-23  के शहीद पंकज विक्रम खेल पुरस्कार हेतु चयनित हुई। वर्तमान में प्रीति यादव फॉर्च्यून नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करमापटपर में संचालक निरंजन साहू के मार्गदर्शन में अध्ययन अध्यापन कर रही हैं।

पुरस्कार की जानकारी होते ही संस्था के संस्थापक सदस्य डॉ. विश्वनाथ पाणिग्राही ने मोबाइल से प्रीति यादव को बधाई दी। इस कड़ी  में अतुल बग्गा ,भेखलाल साहू ,कृष्णानंद दुबे ,धनंजय त्रिपाठी , पंडित भागीरथी दुबे ,विष्णु महानंद ,भोजराम वर्मा ,तुलासीराम बरिहा ,दिलेश्वर चंद्राकर ,मायाराम पटेल ,एवम शाला परिवार तथा ग्राम वासियों  ने बधाई दी है।


अन्य पोस्ट