महासमुन्द

आज अंतिम तिथि, कार्ड नवीनीकरण नहीं हुआ तो राशन से वंचित हो जाएंगे जिले के 37 हजार परिवार
15-Mar-2024 3:07 PM
आज अंतिम तिथि, कार्ड नवीनीकरण नहीं हुआ तो राशन से वंचित हो जाएंगे जिले के 37 हजार परिवार

दो बार तिथि बढ़ाये जाने के बाद भी राशनकार्ड नवीनीकरण नहीं हुआ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 15 मार्च। राशन कार्ड नवीनीकरण नहीं कराने वाले हितग्राहियों को अब उचित मूल्य राशन से वंचित होना पड़ सकता है। दरअसल आज 15 मार्च को खाद्य विभाग ने राशनकार्ड के नवीनीकरण के लिये अंतिम तिथि निर्धारित की है। केवल आज का दिन उपभोक्ताओं को मिल रहा है। चूंकि जिले के बहुत से परिवारों के राशन कार्ड का नवीनीकरण नहीं हो सका है, अत: आज एक ही दिन में शेष सभी कार्डों का नवीनीकरण हो पाना असंभव है।

जिले में आज की स्थिति में 37 हजार से अधिक राशन कार्डों का नवीनीकरण शेष है। इसके पूर्व विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 2 बार नवीनीकरण की तिथि आगे बढ़ाई है। अगर आज अंतिम तिथि को नवीनीकरण नहीं कराया तो 37 हजार राशन कार्डों के सदस्य राशन से वंचित हो जाएंंगे। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 3 लाख 32 हजार 659 कार्डधारियों ने  ऑनलाइन राशन कार्ड का नवीनीकरण कराया है। वहीं उचित मूल्य की दुकानों में पहुंचकर 92 हजार 723 लोगों ने नवीनीकरण का आवेदन दिया।

इस तरह अब तक कुल 2 लाख 95 हजार 650 हितग्राहियों का कार्ड नवीनीकरण हो चुका है। इनमें से 2 लाख 94 हजार 238 का नया कार्ड प्रिंट भी हो चुका है। इनमें शहर क्षेत्र के 410 तो ग्रामीण क्षेत्र के 27 हजार 828 शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक नई सरकार आने के बाद 25 जनवरी से नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई थी जो अब मात्र कल 15 मार्च तक चलेगी। इसके पूर्व 2 बार राशन कार्ड की अंतिम तिथि को बढ़ाया गया। पहले 29 फरवरी अंतिम तिथि थी जिसे बाद में बढ़ाकर 15 मार्च किया गया। इसके बाद भी 37 हजार कार्डधारियों ने नवीनीकरण का आवेदन जमा नहीं किया। यदि आंकड़ों की बात करें तो नवीनीकरण में सबसे पीछे महासमुंद ब्लॉक चल रहा है। जबकि सबसे आगे सरायपाली ब्लॉक है। दरअसल महासमुंद में आज की स्थिति में 85 फीसदी, बागबाहरा 87,पिथौरा 89,सरायपाली 93 तथा बसना में 91 फीसदी नवीनीकरण का काम हो चुका है।

 ऐसे में जिले में 88.8 फीसदी काम पूर्ण हो चुका है।


अन्य पोस्ट