महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 मार्च। गर्मी के शुरुआती दिनों में ही शहर सहित अंचल के तालाबों में तेजी से जल स्तर घटने लगा है। फलस्वरूप माहांत तक तालाबों के सूखने की संभावनाएं है। शहर के कुल 9 तालाबों में से अधिकांश तालाबों में तेजी से जलस्तर घट रहा है। केवल उन्हीं तालाबों में जल भरा हुआ है। जिन्हें ट्यूबवेल के माध्यम से भरा जाता है। वर्षों तक शहर के आस्था का केंद्र माने जाने वाले महामाया तालाब में भी गर्मी के शुरुआती दिनों में पानी निस्तारी योग्य नहीं रहता था। लेकिन समीप ही बोर के बाद अब यहां स्थिति टीक है।
6 वर्ष पहले महामाया तालाब का गहरीकरण और सौंदर्यीकरण हुआ था। लेकिन शेष तालाबों में पानी तेजी से घट रहा है। गुड़रूपारा स्थित 2 तालाबों में तो पानी एकदम से कम हो चुका है। केवल खरोरा स्थित टमकी तालाब में ही जलभराव की स्थिति अच्छी है। जिला मुख्यालय के आसपास के ग्रामों में देखरेख नहीं होने की वजह से तालाब जलकुंभी से पट चुके हैं। पानी प्रदूषित हो गया है।