महासमुन्द
बिजली अफसर के लिखित आश्वासन पर माने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 10 मार्च। किसान संघर्ष समिति व उसके संयोजक अंकित बागबाहरा के आह्वान पर अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार सैकड़ों किसानों ने मनमानी बिजली कटौती और मनमाना लो वोल्टेज के खिलाफ कोमाखान चौखड़ी एनएच में चक्काजाम किया ।
किसानों ने बताया कि वर्तमान में रबी फसल की बोआई होती है और छत्तीसगढ़ का किसान धान की पैदावार ही करता है जिसमें पानी एक महत्वपूर्ण घटक है । विगत माह फरवरी से बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत सैकड़ों गावों में लगातार मनमानी विद्युत कटौती हो रही है और उपर से लोवोल्टेज की समस्या है। इससे किसानों का पम्प ना चल पाने से किसानों की फसल चौपट होने की कगार में है, साथ ही गाँव गाँव मे पीने के पानी, इंडक्शन, पंखा चलाने में भी भारी समस्या का सामना आमजन को करना पड़ रहा है ।
फरवरी मध्य से किसानों,आमनागरिकों द्वारा बागबाहरा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले विद्युत कार्यालयों में कई बार ज्ञापन सौंपा गया, पर समस्या जस की तस बनी हुई थी,तत्पश्चात किसानों के आह्वान पर 1 मार्च को महासमुंद जिलाधीश कार्यालय का घेराव सैकड़ों किसानों ने किया था ।
यहां ये बताना आवश्यक है कि जिलाधीश कार्यालय घेराव पश्चात वहां मौजूद बिजली विभाग के जिला के उच्च अधिकारी व एडीएम की मौजूदगी में सोमवार अर्थात 4 मार्च तक का समय विभाग के अधिकारियों ने मांगा था,परंतु वे समस्या को दूर करने में असफल रहे । जिससे हजारों किसानों की हजारों एकड़ फसल मरने के मुहाने में आ कर खड़ी हो चुकी है। इससे उपजे असंतोष व पूर्व घोषणा अनुसार शासन प्रशासन को जगाने आज सैकड़ों ग्रामों के किसानों व आम नागरिकों के द्वारा चक्का जाम का आयोजन किया गया व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम दो सूत्रीय मांगें रखी जिसका तत्काल निदान आवश्यक है अन्यथा आगे के आंदोलनों व अव्यवस्था के लिये आपका शासन जवाबदार होगा ।
1) बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या का तत्काल निदान हो । 2) शासन की जानकारी में लो वोल्टेज और विद्युत कटौती के चलते होने वाले फसलों के नुकसान का मुआवजा आंकलन कर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ देने की मांग समस्त किसानों द्वारा की जा रही है, साथ ही इस अव्यवस्था हेतु जिम्मेदार बिजली अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग भी किसानों द्वारा किया गया। विभिन्न क्षेत्रों व ग्रामों के आये किसानों ने अपनी अपनी बातों से अधिकारियों को अवगत करवाया व लिखित आश्वासन के बाद ही चक्का जाम समाप्त किया। इसी बीच ग्राम मौहबा के कृषक नोहर चन्द्राकर ने एक हफ्ते में व्यवस्था नहीं सुधरने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी।