महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मार्च। सिंघोड़ा पुलिस एवं सायबर सेल महासमुंद ने में गांजा परिवहन कर रहे एक तस्कर को 150 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली अभिषेक केसरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिंघोड़ा महेश साहू व उनकी टीम एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम ने कल 8 मार्च को मुखबिर की सूचना पर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक गेरूआ रंग की अशोक लिलेण्ड ट्रक क्रमांक ओडी को रोका। वाहन में एक व्यक्ति सवार था। पूछताछ करने पर गोल मोल जवाब देने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर वाहन के डाला में कैरेट के नीचे गांजा रखकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाना स्वीकार किया। पुलिस ने वाहन से 150 किलोग्राम गांजा कीमत 75 लाख का जब्त कर आरोपी ट्रक चालक शेषदेव नायक उम्र 23 वर्ष निवासी बरोडामलिहा थाना किशोर नगर जिला अंगुल ओडिशा के विरूद्ध थाना सिंघोडा में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है।