महासमुन्द
पहले सरपंच की कुर्सी बच गई, दोबारा मतदान में पराजित
सरपंच ने प्रथम मतदान का नतीजा ही मान्य करने की मांग एसडीएम से की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी। अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान ध्वस्त कराने कहते हुए उसे फिर से मतदान कराने के संबंध में अनुविभागीय सरायपाली को आवेदन दिया गया है।
आवेदन में दराभांठा पंचायत के धातूपति राजकुमार ने उल्लेख किया है कि सरपंच पद हेतु अविश्वास प्रस्ताव पर कल 21 फरवरी बुधवार को दो बार मतदान किया गया। जिसमें पहले मतदान में सरपंच दयोती कुर्रे के पक्ष में ज्यादा मत पड़े और उन्हें विजयी घोषित किया गया। लेकिन तत्काल विपक्ष के पंचों के कहने पर चुनाव दल की उपस्थिति में ही नियम विरुद्ध पुन: मतदान कराया गया और आनन फानन में अविश्वास प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। अत: सरपंच ने एसडीएम को आवेदन देकर इस प्रकार नियम विरुद्ध मतदान को ध्वस्त करने की मांग की है।
मालूम हो कि दराभांठा पंचायत के सरपंच को लेकर पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कीअपील की थी। जिस पर कल 21फरवरी को तहसीलदार कुमार साहू की अध्यक्षता में इस सम्मिलन का आयोजन हुआ। अत: कल शासकीय प्राथमिक शाला भवन दराभांठा में तहसीलदार श्री साहू की उपस्थिति में मतदान किया गया। दराभांठा में 1 सरपंच एवं 10 पंचों द्वारा मतदान किया जाना था। जिसमें सरपंच को अपना पद बचाने के लिए 3 मतों की आवश्यकता थी। दो बार मतदान होने को उन्होंने कहा कि पहले मतदान में उन्होंने जीत हासिल की थी। इसके तत्काल बाद पुन: मतदान कराया गया जिसमें अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। चुनाव अधिकारी तहसीलदार के मुताबिक यदि इस परिणाम को लेकर किसी भी प्रत्याशी को संदेह है तो उन्हें अपील करने का प्रावधान है।
चुनाव अधिकारी के मुताबिक प्रस्ताव पारित होने के लिए एक मत की आवश्यकता थी। उन्होंने स्वीकार किया कि पहली बार के मतदान में सरपंच के पक्ष में 3 मत पड़े थे। फलस्वरुप अविश्वास प्रस्ताव गिर जाने की घोषणा की गई। यानी सरपंच की कुर्सी मच गई। उक्त मतदान के घोषित करने के तत्काल बाद इस पर विपक्षी ने शिकायत दर्ज कराई और उक्त मतदान को निरस्त करते हुए पुन: नए सिरे से मतदान कराने की मांग की। अत: दूसरी बार पुन: मतदान कराया गया जिसमें विपक्ष की जीत हुई और अविश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया गया।
जानकारी अनुसार सरायपाली अंचल में इस तरह का यह पहला मामला है। जहां अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त हो जाने पर पुन: दोबारा मतदान करते हुए अविश्वास प्रस्ताव को पारित किया गया। अब यह चर्चा में है कि आखिर ऐसा क्यों करना पड़ा? तहसीलदार श्री साहू के पास किनका फ ोन आया एवं किनके दबाव में दोबारा मतदान करवाया गया।