महासमुन्द
मामला डीआरआई को भेजा गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 फरवरी। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर महासमुंद जिले के रेहटीखोल बैरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चार लोगों से 50 लाख रुपए से अधिक का सोना एवं साढ़े 19 लाख रुपए नगदी बरामद किया है। धारा 102 के तहत जब्ती कार्रवाई के बाद मामला डीआरआई को भेजा गया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार जिले के समस्त थाना प्रभारी-चौकी प्रभारियों को सीमावर्ती नाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। जिसके तहत जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग व तलाशी जारी थी।
इसी दौरान 18 फरवरी को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अन्तरराजीय चेक पोस्ट रेहटीखोल के पास बरगढ़ ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की स्कार्पियो आई। उक्त वाहन को रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से वाहन को चेक कराने हेतु कहने पर गोलमोल जवाब देने लगे।
कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने कार में सोना रखकर परिवहन करना स्वीकार किया। पुलिस ने वाहन की तलाशी में एक प्लास्टिक थैले के अंदर 4 नग कच्चा सोना का टुकड़ा पाया।
इसके बाद दोनों संदेहियों की निशानदेही पर इसी मामले से जुुड़े दो और व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उन्होंने भी अपने पास थैले के अंदर नगदी रकम एवं सोने के आभूषण रखना स्वीकार किया। संदेहियों के कब्जे में रखे थैले की तलाशी लेने पर उसके अंदर विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण एवं नगदी रकम 19 लाख, 50 हजार रुपए पाया गया। संदेहियों को सोने एवं नगदी रकम रखने के संबंध में धारा 91 जा फ ौ का नोटिस देकर कागजात पेश करने कहा गया। उनके पास कोई कागजात न होने पर धारा 102 के तहत जब्ती कार्रवाई की गई।
यह सम्पूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे के निर्देशन में महासमुंद पुलिस द्वारा की गई है। प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई करने हेतु डीआरआई को सूचित कर दिया गया है।
जब्त सामग्रियों में चार नग सोने का टुकडा एवं विभिन्न प्रकार के सोने के ज्वेलरी कुल वजनी 837.240 ग्राम कीमत 50लाख, 23 हजार 440 रुप व नगदी रकम शामिल है।