महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18फरवरी। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के इतिहास विभाग के विद्यार्थियों को कल 16 फरवरी को डॉ अनुसुइया अग्रवाल प्राचार्य के निर्देशन में, डॉ रीता पांडे विभागाध्यक्ष इतिहास एवं मृणाली चंद्राकर अतिथि व्याख्याता के संयोजन में शैक्षणिक भ्रमण हेतु महासमुंद जिले के मोहंदी ग्राम ले जाया गया। जहां उन्होंने ग्राम के निकट स्थित महादेव पठार के बेंदरा कचहरी के शैलाश्रय एवं शैलचित्रों का अवलोकन एवं अध्ययन किया।
यहां के शैलाश्रय मध्य पाषाण काल के हैं। जिनके चित्रों में वानरों को एक दूसरे के कमर पर हाथ रखकर नृत्य करते हुए दर्शाया गया है। मानव आकृतियां, सूर्य आदि ज्यामितीय रेखा से बने हुए हैं। यह पहला लिखित शैलचित्र ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व का है। जिसकी जानकारी विजय शर्मा कोमाखान शिक्षक से प्राप्त हुई थी। उपरोक्त जानकारी के आधार पर संचनालय संस्कृति एवं पुरातत्व की टीम ने ा 2 अगस्त 2021 को उक्त स्थल का निरीक्षण डॉ. प्रताप चंद्र पारख, प्रभात कुमार सिंह एवं प्रवीण तिर्की संचनालय संस्कृति एवं पुरातत्व रायपुर ने किया था। अपने शोध पत्र में शैलाश्रय बिंद्रा कचहरी के बारे में उन्होंने विस्तृत जानकारी दी है।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विश्वास मेश्राम सेवानिवृत संयुक्त संचालक अपर कलेक्टर प्रशासनिक अकैडमी निमोरा ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए विभिन्न पेड़ पौधों के वैज्ञानिक नाम, उनके औषधिय गुणों एवं उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए पर्यावरण संबंधित गीत प्रस्तुत किया। डॉ. विजय शर्मा प्रधान पाठक एवं पुरातत्वविद ने विद्यार्थियों को महादेव पठार स्थित शैलाश्रय क्रम 1 और शैलाश्रय क्रम 2 का अवलोकन कराते हुए इसके बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उक्त व्याख्यान के दौरान डॉ रीता पांडेय विभागाध्यक्ष इतिहास ने विद्यार्थियों को पुरातत्व के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि समग्र इतिहास को समझने का आधार ही प्राचीन इतिहास का अध्ययन है। मृणाली चंद्राकर ने कहा कि तीव्र विकास के साथ पुरातत्व एवं पुरातात्विक स्थलों को सुरक्षित रखना महत्वपूर्ण है। मोंहंदी स्थित चंपई माता का दर्शन किया गया। साथी विद्यार्थियों ने दलदली स्थित गोमुख और अन्य प्राकृतिक क्षेत्र का अवलोकन किया। शैक्षणिक भ्रमण हेतु इतिहास विभाग के विद्यार्थी मनोहर, प्रज्ञा, द्रौपदी, सत्य प्रकाश, मयंक, पूर्णिमा, रौशनी, नागेश, रुचि, ज्योति, कीर्ति, लिलेश्वरी, भुमिका,सोमनाथ विद्यार्थी उपस्थित रहे।