महासमुन्द

प्रधानपाठक के भंडारे ड्यूूटी को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कसा तंज
17-Feb-2024 2:35 PM
प्रधानपाठक के भंडारे ड्यूूटी को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कसा तंज

कहा-स्कूलों को शिक्षकविहीन करने तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे भाजपाई 

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद,17 फरवरी।
महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार स्कूली बच्चों को शिक्षा से दूर करना चाहती हैं और स्कूलों को शिक्षक विहीन करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। बसना के भाजपा विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के निर्देश में बीईओ पिथौरा केके ठाकुर ने ग्राम बिजेपुर के एक प्रधान पाठक विश्वामित्र बेहरा को 66 दिन के लिये ऑफिशियल  आदेश जारी कर कार्यक्रम मुक्त कर दिया। सामने परीक्षाएं हैं और यह शिक्षक विधायक के कहने पर बच्चों को पढ़ाना छोडक़र अयोध्या चला गया। 

वहां वह विधायक की ओर से संचालित भंडारा सेवा में संचालन कर रहा है।
डॉ. रश्मि का कहना है कि भाजपा विधायक डा.सम्पत अग्रवाल के कहने पर बीईओ पिथौरा केके ठाकुर ने एक प्रधान पाठक विश्वामित्र  बेहरा को 2 माह से अधिक समय के लिये कार्य मुक्त कर दिया। इतना ही नहीं इस बाबत कार्य मुक्ति का ऑफिशियल आदेश भी 20 जनवरी 2024  को जारी कर दिया। 

प्रधान पाठक श्री बेहरा के 66 दिन की छुट्टी पर जाने के बाद प्राथमिक शाला बिजेपुर के 33 बच्चों की पढ़ाई एकमात्र एलबी  शिक्षिका सुषमा प्रधान के जिम्मे आ गई है। परीक्षाएं सर पर आ चुकी है।

 


अन्य पोस्ट